

Delhi Capitals Appointed Sourav Ganguly Head Coach: इंडियन प्रीमियर लीग- IPL 2027 को लेकर सभी टीमें अपनी तैयारियों में जुट गई हैं। इसी कड़ी में दिल्ली कैपिटल्स यानी DC ने एक बड़ा फैसला लेते हुए टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज कप्तान सौरव गांगुली को अपना मुख्य कोच नियुक्त किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने इसकी जानकारी दी है।
फ्रेंचाइजी के साथ विभिन्न भूमिकाओं में सालों बिताने के बाद यह पहली बार है जब वह मुख्य कोच की कमान संभालेंगे। गागंली हेमांग बदानी की जगह लेंगे, जिन्होंने दो सीजन तक दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच की भूमिका निभाई थी।
दिल्ली कैपिटल्स ने एक्स पोस्ट में लिखा कि दिल्ली यह दादागिरी का समय है। इधर, DC के चेयरमैन और सह-मालिक पार्थ जिंदल ने कहा कि दादा- सौरव गांगुली हमेशा से ही दिल्ली कैपिटल्स परिवार के एक अभिन्न अंग रहे हैं।
मुझे यह घोषणा करते हुए बेहद गर्व और सम्मान महसूस हो रहा है कि भारत के सबसे महान कप्तानों में से एक अब दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच के रूप में कोचिंग की दुनिया में कदम रख रहे हैं।
दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच बनाए जाने पर सौरभ गांगुली ने कहा कि मैं आईपीएल में मुख्य कोच की भूमिका निभाने के लिए बेहद उत्सुक हूं। दिल्ली कैपिटल्स मेरे दिल के बहुत करीब है और इसके साथ मेरा मजबूत रिश्ता है।
हमारे पास एक बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का समूह है और हाल के दिनों में हमने बेहतरीन ब्रांड की क्रिकेट खेली है। मैं नए सीजन, एक मजबूत और निडर टीम के निर्माण के लिए पूरे स्क्वाड के साथ काम करने का इंतजार कर रहा हूं।
आपको बता दें कि सौरभ गांगुली 2019 से ही दिल्ली कैपिटल्स DC से जुड़े हुए हैं, जहां वे पुरुष और महिला दोनों टीमों के क्रिकेट डायरेक्टर के रूप में काम कर रहे थे। हालांकि, मुख्य कोच न होने के कारण वह टीम में अपने हिसाब से बदलाव नहीं कर पा रहे थे।
गांगुली को मुख्य कोच बनाने के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स ने अपने पुराने सपोर्ट स्टाफ में बदलाव करने का फैसला किया है। फ्रेंचाइजी ने पूर्व मुख्य कोच हेमांग बदानी के साथ टीम निदेशक वेणुगोपाल राव, गेंदबाजी कोच मुनाफ पटेल और सहायक कोच इयान बेल को भी बरकरार न रखने का फैसला किया है।
वहीं, गांगुली अब पूरी तरह अपना नया सपोर्ट स्टाफ लेकर आएंगे। चर्चा है कि पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह भी DC के कोचिंग ग्रुप में शामिल हो सकते हैं।
दरअसल, मुख्य कोच के रूप में गांगुली का यह पहला IPL कार्यकाल है। हालांकि, उन्होंने पिछले साल साउथ अफ्रीका की टी-20 लीग (SA20) में प्रिटोरिया कैपिटल्स के मुख्य कोच के रूप में काम किया था, जहां उनके मार्गदर्शन में टीम फाइनल तक पहुंची थी।
IPL 2027 में गांगुली दिल्ली के मजबूत कोर ग्रुप के साथ काम करेंगे, जिसमें कप्तान अक्षर पटेल, अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से टीम में वापस लौटे ऋषभ पंत शामिल हैं।