Birthday Special: कभी हार्दिक पांड्या के साथ होती थी तुलना, चोट ने IPL तक समेट दिया करियर

Deepak Chahar Birthday: दीपक चाहर का जन्म 7 अगस्त 1992 को आगरा में हुआ था। एक वक्त में उन्हें हार्दिक पांड्या का विकल्प माना गया। कारण गेंदबाजी के साथ-साथ उनके पास बड़े शॉट लगाने की क्षमता का होना था।
बर्थडे स्पेशल : कभी हार्दिक पांड्या का विकल्प माने गए, चोट के चलते आईपीएल तक सिमट गया करियर
दीपक चाहर (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Deepak Chahar: दीपक चाहर को भारतीय क्रिकेट का भविष्य माना जाता था। लेकिन आज वो टीम इंडिया में वापसी करने के लिए जद्दोजहद करते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने साल 2018 के दौरान टीम इंडिया में बतौर ऑलराउंडर डेब्यू किया था। दीपक दाएं हाथ से गेंदबाजी करने के साथ-साथ निचले क्रम में आकर बड़े शॉट लगाने वाले खिलाड़ी हैं। ये ही कारण था कि एक वक्त उन्हें हार्दिक पांड्या का विकल्प माना जाता था। लेकिन अब तक वो टीम इंडिया की योजनाओं से बाहर हैं। दीपक आईपीएल में खेलते हुए नजर आते हैं।

दीपक चाहर का जन्म 7 अगस्त 1992 को आगरा में हुआ था। भारतीय टीम के लिए जब उन्होंने डेब्यू किया तो गेंदबाजी में विविधता और बड़े शॉट लगाने की क्षमता की वजह से उन्हें हार्दिक पांड्या का विकल्प माना जाने लगा। शुरुआती दौर में उन्हें मौके भी बहुत मिले और इस दौरान उनका प्रदर्शन भी संतोषजनक रहा। लेकिन खिलाड़ी के लिए प्रदर्शन के साथ जो सबसे अहम है, वो है फिटनेस। दीपक अपनी फिटनेस का ख्याल नहीं रख सके।

टीम में जगह बनाने को बेताब दीपक चाहर

2018 में डेब्यू से लेकर अब तक कई बार वह इंजरी की वजह से राष्ट्रीय टीम से ड्रॉप हुए। वहीं, कई बार इंजरी की वजह से आईपीएल के पूरे सीजन से बाहर रहे। दीपक को वनडे और टी20 का बेहतर खिलाड़ी माना जाता है, लेकिन टीम में जगह बनाने को लेकर खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा है। युवा खिलाड़ी भी आ रहे हैं। ऐसे में दीपक को अब राष्ट्रीय टीम में मौका नहीं मिल पा रहा। दीपक को आखिरी बार साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम में जगह दी गई थी। हालांकि, निजी कारणों से उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया था। इसके बाद से वह राष्ट्रीय टीम में वापसी नहीं कर पाए हैं।

आईपीएल का प्रमुख चेहरा हैं दीपक

इंजरी की वजह से वह आईपीएल 2022 से बाहर रहे। वहीं, फिटनेस खराब होने की वजह से 2023 और 2024 का पूरा सीजन नहीं खेल पाए। 2025 से पहले सीएसके ने उन्हें रिलीज कर दिया था। 2025 में वह हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस के लिए खेले। दीपक चाहर गेंदबाजी में अपनी विविधता के लिए जाने जाते हैं। शुरुआती ओवरों में इसी वजह से उन्हें अक्सर विकेट भी मिलते हैं। शुरुआती ओवरों में विकेट निकालने की क्षमता उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर और आईपीएल में दिखायी है। यही वजह थी कि लंबे समय तक वह आईपीएल में सीएसके की तेज गेंदबाजी का प्रमुख चेहरा थे।

32 साल के चाहर घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में सक्रिय हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनकी वापसी का रास्ता बंद नहीं हुआ है, लेकिन उन्हें अपनी फिटनेस और प्रदर्शन पर लगातार काम करना होगा। हालांकि उनका अबतक का करियर आईपीएल के आस-पास ही सिमटा है। भारतीय टीम के लिए चाहर ने 13 वनडे में 16 विकेट लिए हैं और 2 अर्धशतक लगाते हुए 203 रन बनाए हैं। वहीं, 25 टी20 में उन्होंने 31 विकेट लिए हैं। वहीं, 2016 से 2025 के बीच 95 आईपीएल मैचों में दीपक ने 88 विकेट लिए हैं।

एजेंसी इनपुट के साथ

Navbharat Live
navbharatlive.com