IPL 2026: दासुन शनाका ने IPL के लिए PSL को मारी लात, राजस्थान रॉयल्स की टीम में होगी एंट्री

Dasun Shanaka IPL: आईपीएल और पीएसएल के टकराव के बीच विदेशी खिलाड़ियों का रुख बदलता दिख रहा है। ब्लेसिंग मुजारबानी के बाद अब दासुन शनाका भी पीएसएल छोड़कर आईपीएल खेलने का फैसला कर सकते हैं।
Dasun Shanaka left PSL For IPL
दासुन शनाका (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

Dasun Shanaka left PSL for IPL: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद अब फ्रेंचाइजी क्रिकेट में भी हलचल तेज हो गई है। श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां वह आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़ सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम का हिस्सा बन सकते हैं।

पीएसएल से नाम वापस लेकर आईपीएल पर फोकस

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दासुन शनाका ने पाकिस्तान सुपर लीग 2026 से अपना नाम वापस ले लिया है। उन्हें इस सीजन के लिए लाहौर कलंदर्स ने अपनी टीम में शामिल किया था, लेकिन अब उनका पूरा ध्यान आईपीएल में खेलने पर है। यह फैसला ऐसे समय आया है जब कई खिलाड़ी लीग्स के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

फ्रेंचाइजी से बातचीत जारी

श्रीलंका के मीडिया आउटलेट न्यूजवायर की रिपोर्ट के मुताबिक शनाका इस समय आईपीएल फ्रेंचाइजियों के साथ बातचीत कर रहे हैं। जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी के बाद शनाका भी पीएसएल छोड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं। मुजारबानी पहले ही कोलकाता नाइटराइडर्स से जुड़ चुके हैं, जहां उन्होंने मुस्तफिजुर रहमान को रिप्लेस किया है। हालांकि, शनाका के राजस्थान रॉयल्स से जुड़ने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों के हवाले से यह चर्चा तेज है।

सैम करन की चोट बनी वजह

इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर सैम करन आईपीएल 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स में ट्रेड होकर आए थे, लेकिन वह इस समय ग्रोइन इंजरी से जूझ रहे हैं। इसी वजह से टीम को एक ऐसे खिलाड़ी की तलाश है जो उनके जैसा रोल निभा सके। दासुन शनाका को ‘लाइक फॉर लाइक’ रिप्लेसमेंट के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि वह भी फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर हैं और टीम को बैलेंस देने की क्षमता रखते हैं।

आईपीएल में शनाका का अनुभव

दासुन शनाका इससे पहले भी आईपीएल में खेल चुके हैं। उन्होंने साल 2023 में गुजरात टाइटंस के लिए डेब्यू किया था। हालांकि उनका आईपीएल करियर अब तक छोटा रहा है, जिसमें उन्होंने केवल तीन मैच खेले हैं और 26 रन बनाए हैं। इसके बावजूद उनके अंतरराष्ट्रीय अनुभव और ऑलराउंड प्रदर्शन को देखते हुए फ्रेंचाइजियां उन्हें एक उपयोगी विकल्प के तौर पर देख रही हैं।

अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या राजस्थान रॉयल्स आधिकारिक रूप से दासुन शनाका को टीम में शामिल करती है या नहीं। अगर ऐसा होता है तो आईपीएल 2026 में शनाका एक बार फिर अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार होंगे।

Navbharat Live
navbharatlive.com