IPL 2025 में लगातार हार के बाद CSK ने इस भारतीय खिलाड़ी को किया शामिल, सबसे तेज शतक बनाने का है रिकॉर्ड

गुजरात के विकेटकीपर बल्लेबाज उर्विल पटेल को चेन्नई सुपर किंग्स ने 30 लाख रुपये में अपने टीम के साथ जोड़ा है। चेन्नई ने वंश वेदी की जगह उर्विल को शामिल किया है।
IPL 2025 में लगातार हार के बाद CSK ने इस भारतीय खिलाड़ी को किया शामिल, सबसे तेज शतक बनाने का है रिकॉर्ड
उर्विल पटेल (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

स्पोर्ट्स डेस्क: चेन्नई सुपर किंग्स का आईपीएल 2025 अच्छा नहीं गुजरा है। चेन्नई की टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर भी हो गई है। हालांकि इसके बाद चेन्नई ने अगले सीजन की तैयारी अभी से ही शुरू कर दी है। चेन्नई सुपर किंग्स ने इस सीजन बाकी बचे हुए मैचों के लिए एक धाकड़ खिलाड़ी को शामिल किया है। चेन्नई ने गुजरात के विकेटकीपर बल्लेबाज उर्विल पटेल को वंश वेदी की जगह टीम में शामिल किया है।

वंश वेदी चोट के कारण इस सीजन से बाहर हो गए हैं। दिल्ली के 22 वर्षीय होनहार विकेटकीपर बेदी को इस सीजन में कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला और बाएं टखने में चोट के कारण वह बाहर हो गए हैं। उनकी जगह घरेलू क्रिकेट में 28 गेंदों पर शतक लगाने वाला खिलाड़ी उर्विल पटेल को शामिल किया गया है।

वंश वेदी की जगह उर्विल पटेल को किया शामिल

आईपीएल ने एक आधिकारिक बयान में बताया कि चेन्नई सुपर किंग्स वंश वेदी की जगह उर्विल पटेल को शामिल किया है। वंश वेदी बाएं टखने में लिगामेंट टियर के कारण बाहर हो गए हैं। उनकी जगह 30 लाख रुपये में उर्विल को शामिल किया गया है। गुजरात के विकेटकीपर-बल्लेबाज़ उर्विल पटेल ने त्रिपुरा के खिलाफ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सिर्फ 28 गेंदों में शतक लगाकर टी20 में किसी भारतीय द्वारा सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड बनाया था।

उर्विल का करियर

26 वर्षीय पटेल ने अपने करियर में अब तक 10 प्रथम श्रेणी, 22 लिस्ट-ए और 47 टी20 मैच खेले हैं। सबसे छोटे प्रारूप में वह 170.38 के स्ट्राइक-रेट से 1162 रन बनाने में सफल रहे हैं, जिसमें दो शतक और चार अर्द्धशतक शामिल हैं। वह पहले आईपीएल में गुजरात टाइटन्स का हिस्सा रहे थे। हालांकि उन्हें कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला था।

प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है CSK

आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है। ऐसे में टीम कई युवा खिलाड़ियों को मौका दे रही है, जैसे कि आयुष म्हात्रे, डेवाल्ड ब्रेविस और शेख रशीद। आयुष और ब्रेविस को रुतुराज गायकवाड़ की जगह टीम में शामिल किया गया था, जो चोट के कारण बाहर हो गए हैं।

टीम के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने हाल ही में कहा कि इस सीजन में हमारा प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, लेकिन हम इसका विश्लेषण कर रहे हैं और आगे की तैयारी में लगे हैं। हम युवा प्रतिभाओं को मौका दे रहे हैं ताकि आने वाले सीजन के लिए मजबूत टीम तैयार की जा सके। हालांकि अनुभव भी उतना ही जरूरी है। आईपीएल जैसे टूर्नामेंट में संतुलन बनाए रखना जरूरी होता है और हमें लगता है कि हमने उस दिशा में कुछ अच्छी प्रगति की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com