

मुंबई/नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की मुंबई में एक समीक्षा बैठक हुई। इस बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लगी है।इनमें से एक खिलाड़ियों का वर्कलोड मैनेजमेंट है। भारत के कई खिलाड़ी चोट से जूझ रहे है। ऐसे में टीम के कप्तान रोहित शर्मा, कोच राहुल द्रविड़, बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी, बीसीसीआई सचिव जय शाह, पूर्व चयन समिति के अध्यक्ष चेतन शर्मा और एनसीए के हेड वीवीएस लक्ष्मण मौजूद थे।
इस बैठक में BCCI ने 20 खिलाड़ियों के नामों को शॉर्टलिस्ट किया है, जो आगामी वनडे वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का हिस्सा होंगे। वहीं अगर कोई खिलाड़ी इंजरी से उबरने के बाद टीम में वापसी करते हैं तो उन्हें पहले यो-यो टेस्ट के अलावा डेक्सा टेस्ट (Dexa Test) पास करना होगा।
उल्लेखनीय है कि, इस साल अक्टूबर महीने में वनडे विश्व कप भी होना है। ऐसे में बताया जा रहा है कि, बीसीसीआई आईपीएल के दौरान प्रमुख खिलाड़ियों को आराम दे सकता है। बैठक में इस दौरान 2022 में भारतीय टीम के प्रदर्शन पर भी चर्चा हुई। साथ ही दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में हार और टी20 विश्व कप में भारत के सेमीफाइनल में में मिली हार को लेकर भी चर्चा हुई है।
शाह ने बीसीसीआई द्वारा जारी बयान में कहा ,‘‘उदीयमान क्रिकेटरों को राष्ट्रीय टीम में चयन की पात्रता हासिल करने के लिये घरेलू क्रिकेट खेलनी होगी।'' उन्होंने कहा ,‘‘यो यो टेस्ट और डेक्सा अब चयन के आधार में शामिल होंगे।'' बयान में आगे कहा गया, ‘‘पुरूष टीम का एफटीपी (भावी दौरा कार्यक्रम) और आईसीसी 2023 विश्व कप को ध्यान में रखकर एनसीए आईपीएल टीमों के साथ मिलकर आईपीएल 2023 में भाग ले रहे भारतीय खिलाड़ियों की मॉनिटरिंग करेगा।''