

Sai Sudharsan Injury Update: भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मुकाबले के दौरान भारतीय टीम के बाएं हाथ के बल्लेबाज साई सुदर्शन को कैच के दौरान चोट लग गई। जिसके बाद वो तीसरे दिन मैदान पर नहीं उतरे। बीसीसीआई ने बताया कि चोट के कारण साई सुदर्शन तीसरे दिन मैदान पर उतरेंगे।
बीसीसीआई ने रविवार को तीसरे दिन के खेल के दौरान एक बयान में कहा कि साई सुदर्शन को दूसरे दिन कैच लेने की कोशिश में चोट लग गई थी। एहतियातन वह तीसरे दिन मैदान पर नहीं उतरे। चोट गंभीर नहीं है। वह ठीक हैं। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी निगरानी कर रही है।
मुकाबले के दूसरे दिन कैच लेते हुए सुदर्शन को चोट लगी थी। सुदर्शन वेस्टइंडीज की पारी के आठवें ओवर की दूसरी गेंद पर चोटिल हुए थे। रवींद्र जडेजा की गेंद पर वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज जॉन कैंपबेल का एक तेज कैच लेते समय उनके हाथ में चोट लग गई।
क्षेत्ररक्षण कर रहे सुदर्शन के हेलमेट पर गेंद लगी। इसके बावजूद उन्होंने गेंद को जमीन पर नहीं गिरने दिया, लेकिन ट्रीटमेंट के लिए तुरंत मैदान से बाहर गए। इसके बाद उन्होंने दूसरे दिन के बाकी समय में फील्डिंग नहीं की। उनकी जगह देवदत्त पडिक्कल ने फॉरवर्ड शॉर्ट लेग पर फील्डिंग की जिम्मेदारी संभाली। साई सुदर्शन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहली पारी में 165 गेंदों का सामना करते हुए 87 रन बनाए। उन्होंने इस पारी के दौरान 12 चौके लगाए।
भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट की पहली पारी 518/5 के स्कोर पर घोषित की। टीम इंडिया की ओर से यशस्वी जायसवाल ने 175 रन बनाए, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने नाबाद 129 रन की पारी खेली। विपक्षी टीम की ओर से जोमेल वारिकन ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए।
इसके जवाब में वेस्टइंडीज ने तीसरे दिन के पहले सेशन तक 8 विकेट खोकर 217 रन बनाए लिए हैं। वेस्टइंडीज की ओर से एलिक एथनाज ने सर्वाधिक 41 रन बनाए, जबकि शाई होप ने 34 रन की पारी खेली। भारत की ओर से कुलदीप यादव 4 विकेट अपने नाम कर चुके हैं, जबकि 3 विकेट रवींद्र जडेजा के नाम रहे। (आईएएनएस)