BAN vs PAK: बांग्लादेश ने पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में 11 रनों से हराया, 11 साल बाद जीती वनडे सीरीज
BAN vs PAK: बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच खेले गए तीसरे मुकाबले में बांग्लादेश ने 11 रनों से जीत हासिल की। इस जीत के साथ बांग्लादेश ने 2-1 से वनडे सीरीज जीत ली है।
- Written By: उज्जवल सिन्हा
बांग्लादेश (फोटो-सोशल मीडिया)
Bangladesh vs Pakistan, 3rd ODI: बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे तीन मैचों की वनडे सीरीज के तीसरे और निर्णायक मुकाबले में बांग्लादेश ने 11 रनों से जीत हासिल कर ली। इस जीत के साथ बांग्लादेश ने तीन मैचों की वनडे सीरीज पर 2-1 कब्जा जमाया। बांग्लादेश ने 11 साल बाद पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में जीत हासिल की है।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी बांग्लादेशी टीम ने 5 विकेट खोकर 290 रन बनाए। सैफ हसन और तंजीद हसन की सलामी जोड़ी ने 18.1 ओवरों में 105 रन की साझेदारी की। सैफ 55 गेंदों में 3 चौकों के साथ 36 रन बनाकर आउट हुए। यहां से तंजीद ने नजमुल हुसैन शांतो के साथ दूसरे विकेट के लिए 67 गेंदों में 53 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 158 के स्कोर तक पहुंचाया। नजमुल टीम के खाते में 27 रन का योगदान देकर पवेलियन लौट गए।
तंजीद हसन का शतकीय पारी
यहां से तंजीद ने लिटन दास के साथ तीसरे विकेट के लिए 36 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 194 के स्कोर तक पहुंचा दिया। तंजीद 107 गेंदों में 7 छक्कों और 6 चौकों के साथ 107 रन बनाकर आउट हुए। यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक रहा। उसके बाद तौहीद ह्रदोय ने लिटन दास के साथ चौथे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया। लिटन दास 41 रन बनाकर आउट हुए, जबकि तौहीद ने 44 गेंदों में 48 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से हारिस रऊफ ने 52 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट निकाले। शाहीन अफरीदी और अबरार अहमद को 1-1 सफलता हाथ लगी।
सम्बंधित ख़बरें
‘क्रिकेट को पहुंचाया बहुत बड़ा नुकसान…’ शाकिब अल हसन ने बांग्लादेश सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
परमाणु शक्ति बना बांग्लादेश…रूस की मदद से शुरू किया अपना पहला न्यूक्लिक पावर प्लांट, भारत-PAK को देगा टक्कर!
वनडे वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान की बड़ी प्लानिंग, ट्राई सीरीज के जरिए खंगालेगा अपनी ताकत
BAN vs NZ Highlights: बांग्लादेश का धमाकेदार आगाज, पहले टी20 में न्यूजीलैंड को दी करारी मात
पाकिस्तान की शुरुआत रही खराब
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम 279 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। इस टीम ने 82 के स्कोर तक 5 विकेट खो दिए थे। यहां से सलमान आगा ने साद मसूद के साथ छठे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 161 के स्कोर तक पहुंचाया।
सलमान अली आगा के शतक के बावजूद भी नहीं जीता पाकिस्तान
साद 44 गेंदों में 38 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद सलमान आगा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने फहीम अशरफ के साथ 48 रन, जबकि शाहीन अफरीदी के साथ 52 रन की साझेदारी करते हुए टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया, लेकिन जीत नहीं दिला सके। सलमान आगा ने 98 गेंदों में 4 छक्कों और 9 चौकों के साथ 106 रन की पारी खेली, जबकि कप्तान अफरीदी ने 37 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी खेमे से तस्कीन अहमद ने 49 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए। मुस्तफिजुर रहमान ने 3 विकेट निकाले। नाहिद राणा ने 2 सफलताएं हासिल कीं, जबकि रिशद हुसैन को 1 विकेट मिला।
यह भी पढ़ें: PAK गेंदबाजों की उड़ी धज्जियां, तंजीद हसन ने खेली 107 रन की शतकीय पारी, शाहीन शाह के बॉलर लाइन-लेंथ भूले
सीरीज के तीनों मैच का हाल
बांग्लादेश ने सीरीज के पहले मैच को 8 विकेट से अपने नाम किया था। इसके बाद पाकिस्तान ने अगले मुकाबले में डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 128 रन से जीत हासिल की। ऐसे में सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच निर्णायक बन गया था। तीसरे मुकाबले में बांग्लादेश ने पाकिस्तान ने 11 रनों से हराकर सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया।
