T20 World Cup से बाहर होने के बाद बांग्लादेश में जारी है ड्रामा, अब फिक्सिंग के मामले ने डाला आग में घी

Bangladesh: टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बांग्लादेश बाहर हो गया है, सुरक्षा कारणों से भारत में आने की अनुमति नहीं मिली। बीसीबी आंतरिक विवाद और बीपीएल मैच-फिक्सिंग के संकट से जूझ रहा है।
Bangladesh Suffred Loss After Exit from World Cup
बांग्लादेश टीम (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Bangladesh Suffred Loss After Exit from World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बांग्लादेश की टीम बाहर हो गई है। सुरक्षा का हवाला देते हुए बांग्लादेश की सरकार ने भारत में आने की अनुमति नहीं दी, जिसके बाद बांग्लादेश ने टी20 वर्ल्ड कप से अपना नाम वापस ले लिया। टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट अपने सबसे मुश्किल दौर में पहुंच गया है।

'द डेली स्टार' में सोमवार को एक आर्टिकल में कहा गया है, "यह सिर्फ एक ग्लोबल टूर्नामेंट खेलने से चूकने का दर्द नहीं है, बांग्लादेश क्रिकेट अपने इतिहास के सबसे नाज़ुक दौर से गुजर रहा है। ऐसे समय में जज्बा तभी मायने रखता है जब उसके पीछे कोई स्पष्ट उद्देश्य और दूरदर्शिता हो, जो फिलहाल नजर नहीं आती।"

प्रोफेशनल क्रिकेटर्स के लिए एक ग्लोबल प्रतिनिधि संस्था के रूप में काम करने वाले 'वर्ल्ड क्रिकेटर्स एसोसिएशन' ने इस कदम को 'खेल के लिए एक दुखद क्षण' बताते हुए कहा कि यह उस देश में फैंस के बीच व्यापक निराशा को दिखाता है, जहां क्रिकेट खेल के साथ-साथ एक जुनून भी है।

बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को किया गया शामिल

बांग्लादेश के स्थान पर ग्रुप-सी में स्कॉटलैंड को स्थान दिया गया है। यह टीम 7 फरवरी को स्कॉटलैंड, 9 फरवरी को इटली, 14 फरवरी को इंग्लैंड और 17 फरवरी को नेपाल से खेलेगी। 'द डेली स्टार' की इस रिपोर्ट में देश के क्रिकेट प्रशासन और अधिकारियों को इस दयनीय स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है।

BPL में मैच फिक्सिंग का स्कैंडल भी आया सामने

रिपोर्ट में कहा गया है, "वर्ल्ड कप से बाहर होना नुकसान का सिर्फ एक हिस्सा है। घरेलू क्रिकेट बड़े पैमाने पर पंगु बना हुआ है। भले ही बांग्लादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल) खत्म हो गया है, लेकिन विवाद अंत तक उसका पीछा करते रहे। जैसे ही टूर्नामेंट खत्म हुआ, एक मैच-फिक्सिंग स्कैंडल सामने आ गया, जिससे अनियमितताओं की बढ़ती लिस्ट में एक और अध्याय जुड़ गया।"

विश्लेषण के अनुसार, पूर्व कप्तान अमीनुल इस्लाम बुलबुल के नेतृत्व वाला बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) बढ़ते आंतरिक कलह का सामना कर रहा है।  रिपोर्ट में कहा गया है, "बीपीएल मैच-फिक्सिंग में शामिल होने के आरोपों के बाद, बीसीबी के डायरेक्टर मोहम्मद मुख्लेसुर रहमान को ऑडिट कमेटी के चेयरमैन के पद से हटना पड़ा। एक और फ्रेंचाइजी सलाहकार ने फेसबुक लाइव सेशन के जरिए सार्वजनिक रूप से फिक्सिंग के आरोप लगाए, जिससे लोगों का भरोसा और भी कम हो गया है।"

विश्लेषण में बताया गया है कि इस घटना के बाद इस्तीफे हुए हैं, जिनमें प्रभावशाली डायरेक्टर इश्तियाक सादिक भी शामिल हैं। इस बीच बोर्ड सदस्यों के बीच कड़वे विवाद सामने आए हैं। एम. नजमुल इस्लाम जैसे विवादास्पद लोगों को फिर से बहाल करने से संकट और गहराया है, जिन्हें पहले खिलाड़ियों के बारे में अपमानजनक टिप्पणियों के चलते हटा दिया गया था। बांग्लादेशी टेस्ट टीम के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने घरेलू शेड्यूल की अनिश्चितता पर निराशा व्यक्त की है, जो बोर्ड और क्रिकेटर्स के बीच बढ़ती खाई को दिखाता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com