BAN vs NZ: नाहिद की घातक गेंदबाजी, शांतो-तंजीम की फिफ्टी; बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराया

BAN vs NZ: बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराकर तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है। बांग्लादेश के लिए नाहिद राणा ने गेंद से और तंजीम हसन व शांतो ने बल्ले से कमाल किया।
Bangladesh vs New Zealand, 2nd ODI
मैच जीतने के बाद बांग्लादेश की टीम (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Bangladesh vs New Zealand, 2nd ODI: बांग्लादेश और न्यूजीलैंड (BAN vs NZ) के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में बांग्लादेश ने 6 विकेट से जीत हासिल कर ली है। इस जीत के साथ बांग्लादेश ने सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। इस सीरीज का पहला मुकाबला न्यूजीलैंड ने अपने नाम किया था। वहीं अब बांग्लादेश ने पलटवार करते हुए सीरीज बराबर कर ली है। अब दोनों टीमों की नजरें तीसरे और अंतिम वनडे को जीतने पर होगी।

ढाका के शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 198 रन बनाए। न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हेनरी निकोल्स 26 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हुए। उसके बाद विल यंग 2 रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान टॉम लाथम 14 रन बनाकर चलते बने। उसके बाद चौथे विकेट के लिए मोहम्मद अब्बास और निक केली ने 56 रनों की साझेदारी की। अब्बास ने 19 रनों का योगदान दिया।

केली की अर्धशतकीय पारी

वहीं निक केली ने एक छोर संभाले रखा और उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया। केली ने 102 गेंदों का सामना करते हुए 83 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 14 चौके लगाए। डीन फॉक्सक्रॉफ्ट 15 रन बनाकर आउट हुए। नाथन स्मिथ ने 23 गेंदों में नाबाद 18 रन बनाए। वहीं, ब्लेयर टिकनर ने 11 गेंदों में 12 रन बनाए। बांग्लादेश की तरफ से नाहिद राणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 ओवर में सिर्फ 32 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। शोरिफुल इस्लाम ने 2 विकेट चटकाए।

बांग्लादेश की खराब शुरुआत

जवाब में इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। सैफ हसन 8 रन बनाकर चलते बने। उसके बाद सौम्य सरकार भी 8 रन बनाकर आउट हो गए। 21 के स्कोर पर दो विकेट गंवाने के बाद बांग्लादेश की पारी को तंजीद हसन तमीम और नजमुल हुसैन शांतो ने संभाला। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। इस दौरान दोनों बल्लेबाजों ने अपना अर्धशतक पूरा किया।

तंजीद और शांतो के अर्धशतक से जीता बांग्लादेश

नजमुल हुसैन शांतो ने 50 रनों की पारी खेली। वहीं तंजीद हसन तमीम ने 58 गेंदों में 76 रनों की पारी खेली। दोनों ने मुकाबले को बांग्लादेश के झोली में डाल दी। लिटन दास 7 रन बनाकर आउट हो गए। अंत में तौहीद हृदोय और मेहदी हसन मिराज ने मिलकर टीम को 6 विकेट से जीत दिला दी। तौहीद हृदोय ने नाबाद 30 रनों की पारी खेली। वहीं मेहदी ने नाबाद 8 रन बनाए। न्यूजीलैंड के लिए नाथन स्मिथ ने 1, जायडन लीनोक्स ने 1 और विलियम ओ रूर्के ने 1 विकेट चटकाए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com