BAN vs NZ: ब्लेयर टिकनर के 'चौके' से जीता न्यूजीलैंड, बांग्लादेश को पहले वनडे में 26 रनों से हराया

BAN vs NZ: बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए पहले वनडे में न्यूजीलैंड ने 26 रनों से जीत हासिल की। ब्लेयर टिकनर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए और सीरीज में जीत के साथ शुरुआत की।
Bangladesh vs New Zealand, 1st ODI
ब्लेयर टिकनर (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Bangladesh vs New Zealand, 1st ODI:  बांग्लादेश और न्यूजीलैंड (BAN vs NZ) के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को 26 रनों से हराया। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड की टीम ने सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। न्यूजीलैंड की युवा टीम ने इस सीरीज में शानदार शुरुआत की है। ब्लेयर टिकनर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए।

न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। टीम को पहला झटका 21 के स्कोर पर लगा। निकी केली 7 रन बनाकर आउट हो गए। दूसरे विकेट के लिए हेनरी निकोलस और विल यंग ने 73 रनों की साझेदारी की। यंग 94 के स्कोर पर 42 गेंदों पर 30 रन की पारी खेलकर आउट हुए। कप्तान टॉम लैथम का बल्ला भी नहीं चला। वह 14 रन बनाकर तीसरे विकेट के रूप में 127 के स्कोर पर आउट हो गए।

निकोलस और फॉक्सक्रॉफ्ट का अर्धशतक

इसके ठीक बाद 131 के स्कोर पर हेनरी निकोलस का विकेट भी गिर गया। निकोलस ने 68 रन की पारी खेली। निकोलस का विकेट गिरने के बाद डिन फॉक्सक्रॉफ्ट एकमात्र ऐसे बल्लेबाज रहे जिन्होंने बांग्लादेशी गेंदबाजों का डटकर मुकाबला किया। डिन ने 58 गेंदों पर 59 रन की पारी खेली। नाथन स्मिथ 21 रन बनाकर नाबाद रहे। मुहम्मद अब्बास ने 14 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने 8 विकेट पर 247 रन बनाए। बांग्लादेश के लिए तस्किन अहमद ने 2, शोरिफुल इस्लाम ने 2, रिशाद हुसैन ने 2, मेहदी हसन मिराज ने 1 और नाहिद राणा ने 1 विकेट चटकाए।

बांग्लादेश की शुरुआत रही खराब

248 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही। तंजीद हसन 6 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 2 रन ही बना सके। वहीं, नजमुल हुसैन शांतो बिना खाता खोले नाथन स्मिथ की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। हालांकि, इसके बाद सैफ हसन और लिटन दास ने टीम की लड़खड़ाती हुई पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 116 गेंदों में 93 रनों की साझेदारी निभाई। सैफ ने 76 गेंदों का सामना करते हुए 57 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 8 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, लिटन दास ने 68 गेंदों में 3 चौके की मदद से 46 रन बनाए।

तौहीद हृदोय भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 60 गेंदों का सामना करते हुए 55 रनों की दमदार पारी खेली। हृदोय ने अपनी इस पारी में 2 चौके और 2 छक्के लगाए। अफीफ हुसैन ने 27 रनों का योगदान दिया, तो कप्तान मेहदी हसन मिराज 6 रन ही बना सके। रिशाद हुसैन (4 रन) और शोरिफुल इस्लाम (0) भी बल्ले से कुछ खास योगदान नहीं दे सके। गेंदबाजी में न्यूजीलैंड की ओर से ब्लेयर टिकनर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 10 ओवर में सिर्फ 40 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। वहीं, नाथन स्मिथ ने 45 रन देकर 3 विकेट चटकाए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com