एशिया कप में पाकिस्तान को खलेगी बाबर और रिजवान की कमी, T20I में है ऐसा रिकॉर्ड

Babar Azam & Rizwan Record in T20I: एशिया कप और ट्राई सीरीज से बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को बाहर कर दिया गया है। आईए जानते हैं कैसा रहा है टी20आई में उनका रिकॉर्ड।
एशिया कप में पाकिस्तान को खलेगी बाबर और रिजवान की कमी, T20I में है ऐसा रिकॉर्ड
बाबर आजम और रिजवान (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Babar Azam & Mohammad Rizwan Record in T20I: एशिया कप और ट्राई सीरीज के लिए पाकिस्तान की टीम का ऐलान कर दिया गया है। इस टीम में पाकिस्तान के दो दिग्गज खिलाड़ी को जगह नहीं मिली है। बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को टी20 टीम से बाहर कर दिया गया है। एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक दुबई और अबू धाबी में खेला जाएगा।

बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान कुछ समय से टी20 टीम से बाहर चल रहे हैं। अब पाकिस्तान की टीम बाबर और रिजवान के बिना टी20 क्रिकेट में आगे बढ़ने का मन बना चुकी है। बाबर और रिजवान पाकिस्तान के सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ ऑल-फॉर्मेट बल्लेबाज़ों में से हैं। इन्होंने 24 अक्टूबर 2021 को दुबई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप मैच में भारत को 10 विकेट से हराया था।

दोनों खिलाड़ियों ने उस मैच में शानदार पारी खेली थी। हालांकि, उस जीत के बाद से रिजवान और बाबर दोनों ही अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहे और अब उन्हें टी20 टीम से बाहर कर दिया गया है। दोनों खिलाड़ी ने टी20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए हैं।

T20I में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज है बाबर

टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में बाबर आजम दूसरे नंबर पर हैं। बाबर आजम के नाम टी20 इंटरनेशनल में 4223 रन है। उनसे आगे केवल भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा है। जिनके नाम कुल 4231 रन है। अगर बाबर आजम को अब टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में मौका नहीं मिलता है तो वह रोहित शर्मा के रिकॉर्ड को तोड़ नहीं पाएंगे।

टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में पाकिस्तान के लिए सर्वाधिक रन

खिलाड़ी का नाम मैच रन औसत स्ट्राइक रेट सर्वश्रेष्ठ स्कोर शतक/अर्धशतक चौके/छक्के
बाबर आजम 128 4223 39.83 129.22 122 3/36 447/73
मोहम्मद रिजवान 106 3414 47.41 125.37 104* 1/30 285/95
मोहम्मद हफीज 119 2514 26.46 122.03 99* 0/14 251/76
शोएब मलिक 123 2423 31.46 125.67 75 0/9 195/69
फखर जमान 97 1949 22.66 131.77 91 0/11 183/78
उमर अकमल 84 1690 26.00 122.73 94 0/8 122/55
अहमद शहज़ाद 59 1471 25.80 114.74 111* 1/7 157/33
शाहिद अफरीदी 98 1405 18.01 150.75 54* 0/4 102/73
इफ्तिखार अहमद 66 998 24.34 129.10 62* 0/4 66/44
कामरान अकमल 58 987 21.00 119.63 73 0/5 100/31

बाबर टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में पाकिस्तान के लिए सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं और उनके बाद रिजवान का नंबर आता है। बाबर टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 4000 से ज़्यादा रन बनाने वाले तीन खिलाड़ियों में से एक हैं। इसके अलावा उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 39 बार 50 रनों का आंकड़ा पार किया है, जो किसी भी बल्लेबाज द्वारा संयुक्त रूप से सबसे ज़्यादा है।

रिजवान का रिकॉर्ड

वहीं अगर मोहम्मद रिजवान की बात करें तो रिजवान ने पाकिस्तान के लिए 3414 रन बनाए हैं। उन्होंने 2021 में 29 मैचों में 1326 रन बनाए थे। जो एक वर्ष में सबसे ज्यादा भी है। इसके साथ ही मोहम्मद रिजवान टी20 एशिया कप में पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा 281 रन बनाए हैं। रिजवान के नाम सबसे तेज 3000 रन बनाने का रिकॉर्ड भी है। रिजवान ने 79 पारी में यह उपलब्धि हासिल की है।

सलमान आगा करेंगे एशिया कप में टीम का नेतृत्व

सलमान अली आगा को एशिया कप 2025 में पाकिस्तान टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। इस टीम में  फखर जमान, सैम अयूब, मोहम्मद हारिस और साहिबज़ादा फरहान जैसे खिलाड़ी भी हैं। ये सभी खिलाड़ी प्रतिभाशाली हैं, लेकिन अभी तक उन्होंने बड़ी सफलता हासिल नहीं की है। एशिया कप 2025 के लिए चुनी गई 17 खिलाड़ियों में से केवल फखर जमान ही पाकिस्तान के टी20 मैचों में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले टॉप 10 बल्लेबाजों में शामिल हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com