ODI क्रिकेट में ऑस्ट्रेलियाई महिलाओं ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, ऐसा करने वाली दुनिया की पहली टीम बनी

Australia Create History: ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने भारतीय महिला टीम के खिलाफ इतिहास रच दिया है। वो दुनिया की पहली टीम बन गई है, जिसने भारत के खिलाफ एक पारी में 400 से ज्यादा रन बनाए हैं।
ODI क्रिकेट में ऑस्ट्रेलियाई महिलाओं ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, ऐसा करने वाली दुनिया की पहली टीम बनी
ऑस्ट्रेलिया महिला टीम (फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

India Women vs Australia Women, 3rd ODI: भारतीय महिला टीम और ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के बीच खेले जा रहे तीसरे वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 412 रन बनाकर इतिहास रच दिया। ऑस्ट्रेलिया की टीम महिला वनडे मैच में भारत के खिलाफ 400 से अधिक रन बनाने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में चल रही तीन मैचों की सीरीज के तीसरे और अंतिम वनडे में ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की कप्तान एलिसा हीली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जिसके बाद चौथे नंबर की बल्लेबाज बेथ मूनी की 138 रनों की पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 47.5 ओवर में 412/10 का स्कोर बनाया। यह भारत के खिलाफ सर्वोच्च स्कोर है। भारत के खिलाफ वनडे में इससे पहले सर्वोच्च स्कोर 50 ओवर में 371/8 था, जो ऑस्ट्रेलिया ने 8 दिसंबर, 2024 को ब्रिस्बेन में बनाया था। वहीं मुंबई में 2 जनवरी 2024 को खेले गए मुकाबले में भी ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 338 रन बनाई थी। भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में टॉप-3 पर ऑस्ट्रेलिया की टीम है।

भारत के खिलाफ महिला वनडे में सर्वोच्च स्कोर

टीम स्कोर ओवर स्थान तारीख
ऑस्ट्रेलिया 412/10 47.5 नई दिल्ली 20 सितंबर 2025
ऑस्ट्रेलिया 371/8 50 ब्रिसबेन 8 दिसंबर 2024
ऑस्ट्रेलिया 338/7 50 मुंबई (WS) 2 जनवरी 2024
ऑस्ट्रेलिया 332/7 50 वडोदरा 18 मार्च 2018
दक्षिण अफ्रीका 321/6 50 बेंगलुरु 19 जून 2024
दक्षिण अफ्रीका 314/7 50 कोलंबो (RPS) 7 मई 2025
इंग्लैंड 305/10 49.5 चेस्टर-ले-स्ट्रीट 22 जुलाई 2025
ऑस्ट्रेलिया 300/7 50 मुंबई (WS) 14 मार्च 2012
ऑस्ट्रेलिया 298/6 50 पर्थ (WACA) 11 दिसंबर 2024
ऑस्ट्रेलिया 287/9 50 वडोदरा 15 मार्च 2018

38वें ओवर में मूनी ने पूरा किया शतक

बेथ मूनी ने ऑस्ट्रेलिया की पारी के 38वें ओवर की दूसरी गेंद पर राधा यादव को चौका लगाकर 100 रन का आंकड़ा पार किया। इस दौरान उन्होंने 16 चौके और एक छक्के लगाए। बेथ मूनी ने 75 गेंदों का सामना किया। इस दौरान उन्होंने 23 चौके और एक छक्के की मदद से 138 रन बनाए। इस दौरान बेथ मूनी का स्ट्राइक रेट 184 का रहा।

ऑस्ट्रेलिया की पारी का हाल

ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने सभी विकेट गंवाकर 412 रन बनाए। इस दौरान बेथ मूनी ने 138 रनों की पारी खेली। उसके अलावा जॉर्जिया वॉल ने 81, एलिस पेरी ने 68, एश्ली गार्डनर ने 39 और एलिसा हीली ने 30 रन बनाए। भारत के लिए अरुंधति रेड्डी ने 3, दीप्ति शर्मा ने 2 और रेणुका सिंह ने 2 विकेट चटकाए।

Navbharat Live
navbharatlive.com