

IND vs SL Women's Cricket Gold Medal Match: एशियन गेम्स 2026 में महिला क्रिकेट का गोल्ड मेडल मुकाबला आज भारत और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें निस्शिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में आमने-सामने होंगी। मुकाबला सुबह 10:30 बजे भारतीय समयानुसार शुरू होगा।
भारत और श्रीलंका के बीच होने वाला ये फाइनल हांगझोऊ 2023 एशियन गेम्स के गोल्ड मेडल मुकाबले की तरह ही है। पिछली बार भी दोनों टीमें फाइनल में भिड़ी थीं और भारत ने स्वर्ण पदक जीता था।
डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने क्वार्टर फाइनल में मेजबान जापान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। इसके बाद टीम ने बांग्लादेश को 114 रन से हराकर फाइनल का टिकट कटाया।
वहीं, श्रीलंका ने क्वार्टर फाइनल में मलेशिया को 86 रन से हराया और सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 8 विकेट से मात दी। इस तरह एशियन गेम्स 2026 में महिला क्रिकेट के दोनों मेडल मुकाबले हांगझोऊ 2023 जैसे ही हैं। ब्रॉन्ज मेडल के लिए पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच मुकाबला होगा।
भारत की सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा शानदार फॉर्म में चल रही हैं। उन्होंने एशिया कप के सेमीफाइनल और फाइनल में लगातार अर्धशतक लगाए थे। इसके बाद एशियन गेम्स में जापान के खिलाफ नाबाद 40 रन बनाए और बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में नाबाद शतक लगाया।
स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने हाल ही में एशिया कप फाइनल में भी श्रीलंका के खिलाफ अर्धशतक लगाए थे। उस मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 72 रन से हराकर खिताब जीता था।
भारत और श्रीलंका के बीच एशियन गेम्स महिला क्रिकेट फाइनल की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिवपर होगी। टीवी पर मुकाबला सोनी स्पोर्ट्स 1 पर देखा जा सकेगा। क्षेत्रीय भाषाओं में प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स 3 और सोनी स्पोर्ट्स 3 HD हिंदी के लिए, जबकि तमिल, तेलुगु और कन्नड़ में सोनी स्पोर्ट्स 4 पर होगा।