Arjun Tendulkar का ऑलराउंड धमाका, बल्ले और गेंद दोनों से ढाया कहर, 5 छक्के और 4 चौके, विरोधी टीम के उड़ाए होश

Arjun Tendulkar Player Of The Match: टी20 मुंबई लीग 2026 के 16वें मैच में अर्जुन तेंदुलकर ने ऑलराउंड प्रदर्शन से छाप छोड़ी। बल्ले से अहम रन बनाए और गेंद से भी शानदार योगदान दिया।
Arjun Tendulkar's explosive all-round performance: wreaking havoc with both bat and ball—hitting 5 sixes and 4 fours—and leaving the opposing team stunned.
अर्जुन तेंदुलकर (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Arjun Tendulkar T20 Mumbai League: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए टी20 मुंबई लीग 2026 के मुकाबले में अर्जुन तेंदुलकर ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम एआरसीएस अंधेरी को यादगार जीत दिलाई। उनके दमदार ऑलराउंड खेल के सामने बांद्रा ब्लास्टर्स की टीम पूरी तरह बेअसर नजर आई। अर्जुन के बेहतरीन योगदान की बदौलत एआरसीएस अंधेरी ने मुकाबला 9 विकेट से अपने नाम कर लिया। मैच के बाद उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

गेंदबाजी में दिखाया दम

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांद्रा ब्लास्टर्स की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। एआरसीएस अंधेरी के गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों से ही दबाव बनाना शुरू कर दिया। इस दौरान अर्जुन तेंदुलकर ने अपनी सटीक लाइन-लेंथ और अनुशासित गेंदबाजी से बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। बाएं हाथ के इस ऑलराउंडर ने 3 ओवर के अपने स्पेल में महज 11 रन खर्च किए और 3 महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किए। खास बात यह रही कि उनके खाते में एक मेडन ओवर भी दर्ज रहा। अर्जुन की कसी हुई गेंदबाजी के कारण बांद्रा ब्लास्टर्स की रनगति लगातार प्रभावित हुई। दूसरी ओर प्रसून सिंह ने भी प्रभावी प्रदर्शन करते हुए 2 विकेट हासिल किए। बांद्रा ब्लास्टर्स की तरफ से ओम केश्कामठ ने 49 और सागर छाबड़िया ने 44 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। नतीजतन टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 144 रन ही बना सकी।

लक्ष्य का पीछा करते हुए खेली मैच जिताऊ पारी

145 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एआरसीएस अंधेरी को शुरुआती झटका जरूर लगा, लेकिन इसके बाद अर्जुन तेंदुलकर ने मोर्चा संभाल लिया। एक विकेट गिरने के बाद क्रीज पर आए अर्जुन ने शुरुआत से ही सकारात्मक बल्लेबाजी की और विरोधी गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।

उन्होंने मैदान के हर कोने में आकर्षक शॉट लगाए और रनगति को लगातार बनाए रखा। अर्जुन ने सिर्फ 34 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 66 रन बनाए। उनकी पारी में 4 चौके और 5 शानदार छक्के शामिल रहे। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के सामने बांद्रा ब्लास्टर्स के गेंदबाज बेबस दिखाई दिए।

गेंदबाजी में 3 विकेट और बल्लेबाजी में नाबाद अर्धशतक की बदौलत अर्जुन तेंदुलकर मैच के सबसे बड़े नायक साबित हुए। उनके हरफनमौला प्रदर्शन ने न सिर्फ टीम को आसान जीत दिलाई, बल्कि यह भी दिखाया कि दबाव के क्षणों में वह मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। वानखेड़े में खेली गई उनकी यह पारी लंबे समय तक याद रखी जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com