

India A vs Sri Lanka A Super Over Controversy: रंगिरी दंबुल्ला अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में भारत ए और श्रीलंका ए के बीच खेले गए मुकाबले में जबरदस्त ड्रामा देखने को मिला। मैच के बाद भारत के 15 वर्षीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी विपक्षी खिलाड़ियों को धक्का देने और उनसे गालीगलौज करते दिखे। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बता दें कि श्रीलंका ए ने आखिरी ओवर में भारत ए के 265 रनों की बराबरी कर ली, जिसके चलते मैच सुपर ओवर में चला गया। सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे को बल्लेबाजी के लिए भेजा गया, और युवा खिलाड़ी सूर्यवंशी ने आखिरी तीन गेंदों पर बल्लेबाजी की जिम्मेदारी संभाली जब उनकी टीम को 14 रनों की जरूरत थी। लेकिन वो 14 रन बनाने में असफल रहे और टीम इंडिया ये मुकाबला हार गई।
बता दें कि भारतीय टीम ने 143 के स्कोर तक अपने 7 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद विपराज निगम ने सूर्यांश शेडगे के साथ आठवें विकेट के लिए 90 गेंदों में 104 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया। विपराज 49 गेंदों में 51 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सूर्यांश ने 66 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 72 रन की पारी खेली।
श्रीलंका-ए की तरफ से मोहम्मद शिराज और विजयकांत वियासकांत ने 3-3 विकेट हासिल किए। इनके अलावा, सहान अराच्चिगे, कुगाथास मथुलन और वानुजा सहान ने 1-1 विकेट निकाला।
इसके जवाब में श्रीलंका-ए 50 ओवरों में 9 विकेट खोकर 265 रन ही बना सकी। मेजबान टीम जब बल्लेबाजी के लिए उतरी, तो उसके खाते में पहले से ही 10 रन जोड़ दिए गए थे, क्योंकि भारतीय पारी के दौरान बल्लेबाज विपराज निगम के बार-बार प्रोटेक्टेड एरिया में दौड़ने की वजह से भारतीय टीम पर 5-5 रन की दो बार पेनाल्टी लगाई गई थी। श्रीलंका को अंतिम ओवर में जीत के लिए 5 रन की दरकार थी, लेकिन अरशद खान ने इस ओवर में सिर्फ 4 ही रन दिए और मैच 'सुपर ओवर' में पहुंचा।
श्रीलंका ने सुपर ओवर में 16 रन बनाए। इसके जवाब में भारतीय टीम 6 गेंदों में सिर्फ 10 ही रन बना सकी। भारतीय टीम अपना अगला मैच 17 जून को अफगानिस्तान-ए के खिलाफ इसी मैदान पर खेलेगी। सीरीज का फाइनल मैच 21 जून को खेला जाएगा। -एजेंसी इनपुट के साथ