2023 का जख्म फिर हरा होगा या आएगी आईसीसी ट्रॉफी? अहमदाबाद में पिच को लेकर अंदरखाने क्या चल रहा!

IND Vs NZ Final Ahmedabad Pitch Report: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले आईसीसी T20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड के मैच के लिए मिक्स मिट्टी की पिच तैयार की जाएगी।
Will the wounds of 2023 be fresh again, or will the ICC Trophy be restored? What's going on behind the scenes regarding the pitch in Ahmedabad?
अहमदाबाद में पिच को लेकर अंदरखाने क्या चल रहा (Image- Social Media)
Published on
Updated on

Ind vs Nz Final: टीम इंडिया इतिहास रचने से अब सिर्फ एक जीत दूर है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 8 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच ICC Men's T20 World Cup का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

यह वही मैदान है जहां भारत का 2023 Cricket World Cup जीतने का सपना टूट गया था। इतना ही नहीं, मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में भी भारत को अहमदाबाद में खेले गए एक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। इसी वजह से फैंस के बीच थोड़ा डर जरूर बना हुआ है कि कहीं एक बार फिर दिल टूटने वाला नतीजा न देखने को मिले। हालांकि पिच को लेकर आई नई जानकारी से भारतीय प्रशंसकों को थोड़ी राहत मिल सकती है।

कैसी बन रही है पिच?

रिपोर्ट्स के मुताबिक फाइनल मैच के लिए मिक्स्ड मिट्टी की पिच तैयार की जाएगी। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार इस बार पिच में काली मिट्टी की तुलना में लाल मिट्टी ज्यादा होगी। लाल मिट्टी वाली पिच पर आमतौर पर गेंद बल्ले पर बेहतर तरीके से आती है और पिच पर अच्छा उछाल (बाउंस) मिलता है। ऐसे में बल्लेबाजों को दोनों पारियों में रन बनाने में मदद मिल सकती है। यही पिच इस टूर्नामेंट में दक्षिण अफ्रीका और कनाडा के लीग मैच में भी इस्तेमाल की गई थी, जिसमें दक्षिण अफ्रीका ने 213/5 रन बनाए थे जबकि कनाडा 156/8 रन ही बना सका था।

इसी पिच पर मिली 2 हार

दरअसल इस तरह की पिच चुनने की एक वजह भारत को इसी मैदान पर मिली पिछली दो बड़ी हार भी मानी जा रही है। 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में भारत को |ऑस्ट्रेलिया से इसी मैदान पर हार का सामना करना पड़ा था। उस मुकाबले में काली मिट्टी की धीमी पिच थी, जिस पर भारतीय बल्लेबाज खुलकर रन नहीं बना सके थे। वहीं मौजूदा टूर्नामेंट के सुपर-8 मुकाबले में भारत को साउथ अफ्रीका के खिलाफ इसी मैदान पर 70 से ज्यादा रन से हार मिली थी, जिससे टीम की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा था।

बोर्ड के कुछ स्टाफ रख रहे नजर

सूत्रों के अनुसार फाइनल के लिए तैयार की जा रही यह पिच संतुलित होगी, जिससे किसी एक टीम को ज्यादा फायदा नहीं मिलेगा। लाल मिट्टी ज्यादा होने की वजह से गेंद में उछाल रहेगा और बल्लेबाजों को भी रन बनाने का मौका मिलेगा।

बताया जा रहा है कि टूर्नामेंट के लीग मैचों में मिली कुछ पिचों से भारतीय टीम मैनेजमेंट पूरी तरह संतुष्ट नहीं था। इसी कारण स्थानीय क्यूरेटरों से भी बातचीत की गई और पिच की तैयारी पर नजर रखने के लिए बोर्ड के कुछ स्टाफ को लगाया गया। भारतीय टीम फाइनल से पहले शनिवार को अपना आखिरी प्रैक्टिस सेशन करेगी और पिच का करीब से निरीक्षण करेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com