पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी ने अपनी ही लीग की उड़ाई धज्जियां, कहा- IPL के सामने कहीं नहीं टिकता PSL

IPL vs PSL: PSL और IPL की तुलना पर जारी बहस के बीच राइली रूसो के बयान के बाद पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर अहमद शहजाद ने पलटवार किया। उन्होंने फैंस और खिलाड़ियों को करारा जवाब देते हुए IPL की अहमियत बताई।
PSL vs IPL
IPL or PSL (Photo/Gemini)
Updated on

Ahmed Shehzad Slams PSL and IPL Comparison: आईपीएल को दुनिया की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग माना जाता है, लेकिन पाकिस्तान में अक्सर पाकिस्तान सुपर लीग और आईपीएल की तुलना को लेकर बहस छिड़ी रहती है। कई पाकिस्तानी फैंस और क्रिकेट विशेषज्ञ अपने घरेलू लीग को आईपीएल से बेहतर बताते हैं। इसी बीच हाल ही में साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज राइली रूसो के एक बयान ने इस बहस को और हवा दे दी, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान सुपर लीग को आईपीएल से बेहतर बताया था। इसके बाद पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर अहमद शहजाद ने इस पूरे मुद्दे पर खुलकर अपनी राय रखी और फैंस को भी आईना दिखाने का काम किया।

PSL और IPL तुलना पर अहमद शहजाद का बड़ा बयान

अहमद शहजाद ने अपने यूट्यूब चैनल पर इस बहस को खत्म करने की बात कही। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि दोनों लीग की तुलना करना सही नहीं है। शहजाद के मुताबिक, अगर किसी खिलाड़ी को मौका मिले तो वह हमेशा आईपीएल को प्राथमिकता देगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि पाकिस्तान सुपर लीग में अधिकतर ऐसे खिलाड़ी खेलते हैं जो या तो आईपीएल में अनसोल्ड रह जाते हैं या फिर वहां से रिटायर हो चुके होते हैं। उन्होंने अपने बयान में कहा, "PSL में सिर्फ वो खिलाड़ी बचे हैं, जो IPL से रिटायर हो गए हैं, अनसोल्ड गए या उनका वहां कोई भविष्य नहीं है। आप उदाहरण के लिए डेविड वॉर्नर और स्टीव स्मिथ को ले सकते हैं। अगर किसी के पास मौका होगा, तो वह सिर्फ IPL ही खेलेगा। आप ऐसे कितने खिलाड़ी बैन कर देंगे?"

राइली रूसो के बयान पर पलटवार

राइली रूसो द्वारा पाकिस्तान सुपर लीग को लेकर दिए गए बयान पर भी अहमद शहजाद ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी को अपने प्रदर्शन पर ध्यान देना चाहिए, न कि तुलना में पड़ना चाहिए। शहजाद के अनुसार, जो खिलाड़ी किसी लीग का हिस्सा होता है, वह स्वाभाविक रूप से उसी की तारीफ करता है।

उन्होंने कहा, "आप राइली रूसो को देख सकते हैं। उनका PSL में प्रदर्शन कुछ खास नहीं है और उन्होंने सिर्फ बड़ी-बड़ी बातें की हैं। उनसे IPL के बारे में पूछा गया। वो PSL खेल रहे हैं, ऐसे में वो IPL की तारीफ नहीं कर सकते हैं। इसी वजह से उन्होंने कह दिया कि IPL एक बॉलीवुड फिल्म की तरह है। PSL में असली क्रिकेट हो रहा है।"

IPL की बढ़ती लोकप्रियता पर बहस

अहमद शहजाद के इस बयान के बाद एक बार फिर दोनों लीग की तुलना चर्चा में आ गई है। जहां आईपीएल को दुनिया की सबसे व्यावसायिक और लोकप्रिय टी20 लीग माना जाता है, वहीं पाकिस्तान सुपर लीग भी लगातार अपनी पहचान मजबूत करने की कोशिश कर रही है। हालांकि खिलाड़ियों की उपलब्धता, ब्रांड वैल्यू और ग्लोबल स्टार पावर के मामले में आईपीएल अभी भी सबसे आगे माना जाता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com