

T20 WC 2026 Abhishek Sharma: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 मार्च को फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर रिकॉर्ड तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। हालांकि इस पूरे टूर्नामेंट में कुछ खिलाड़ियों का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा, जिसमें ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का नाम भी शामिल है।
अभिषेक शर्मा से इस टूर्नामेंट में बड़ी पारियों की उम्मीद थी, लेकिन उनकी शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। वह लगातार तीन मैचों में बिना खाता खोले आउट हो गए, जिसके बाद उनकी जमकर आलोचना होने लगी। फैंस और क्रिकेट विशेषज्ञ उनके फॉर्म को लेकर सवाल उठाने लगे थे। हालांकि अभिषेक ने हार नहीं मानी और जबरदस्त वापसी की। उन्होंने फाइनल मुकाबले में बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम इंडिया की जीत में अहम योगदान दिया। उनकी इस पारी ने न सिर्फ आलोचकों को जवाब दिया, बल्कि टीम को चैंपियन बनाने में भी बड़ी भूमिका निभाई।
अभिषेक शर्मा ने खुलासा किया कि लगातार तीन डक के बाद उन्होंने शुभमन गिल को मैसेज किया था। उन्होंने मजाकिया अंदाज में गिल से उनका बल्ला मांगते हुए कहा था कि इससे पहले कोई और रिकॉर्ड बन जाए, मुझे अपना बैट दे दे। यह बातचीत दोनों खिलाड़ियों के बीच मजबूत दोस्ती को भी दर्शाती है। अभिषेक के मैसेज पर शुभमन गिल ने उन्हें हिम्मत देते हुए जवाब दिया, "तू कर लेगा।" गिल के इस भरोसे ने अभिषेक का आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद की। इसके बाद अभिषेक ने जिस तरह से वापसी की, वह उनके मानसिक मजबूती को दिखाता है।
दिल्ली में आयोजित नमन अवॉर्ड्स 2026 के दौरान जब शुभमन गिल से पूछा गया कि क्या उन्होंने टूर्नामेंट से पहले अभिषेक को कोई सलाह दी थी, तो उन्होंने कहा कि नंबर-1 टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाज को आखिर कौन सलाह दे सकता है। इस जवाब ने अभिषेक के प्रति उनके विश्वास को साफ दिखाया।
शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा बचपन के दोस्त हैं और दोनों घरेलू क्रिकेट में पंजाब के लिए खेलते हैं। अभिषेक ने यह भी बताया कि उन्हें गिल के बल्ले से खेलना काफी पसंद है, जिस पर गिल ने मजाक में कहा कि वह हमेशा मेरे ही बल्ले से खेलता है। इस तरह अभिषेक शर्मा ने खराब शुरुआत के बावजूद दमदार वापसी कर यह साबित कर दिया कि आत्मविश्वास और सही समर्थन मिलने पर कोई भी खिलाड़ी मुश्किल दौर से बाहर निकल सकता है।