

Abhishek Sharma 77 Off 26 Balls: भारतीय T20 टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने शेरे पंजाब T20 लीग में धमाकेदार अंदाज में शुरुआत की। अमृतसर सूरमाज की ओर से खेलते हुए उन्होंने मोहाली किंग्स के खिलाफ सिर्फ 26 गेंदों में 77 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में 6 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। अभिषेक ने करीब 296 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।
अभिषेक की तूफानी पारी की बदौलत अमृतसर सूरमाज ने 20 ओवर में 258 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। साहज धवन ने 45 और नमन धीर ने 47 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। लेकिन अमृतसर का यह बड़ा स्कोर भी टीम को जीत नहीं दिला सका।
मोहाली किंग्स ने शानदार जवाब देते हुए 19.3 ओवर में 262 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। अनमोलप्रीत सिंह ने सिर्फ 51 गेंदों में 133 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने 10 चौके और 12 छक्के लगाए। कप्तान रामनदीप सिंह ने भी नाबाद 69 रन बनाए।
अभिषेक शर्मा ने गेंदबाजी में भी हाथ आजमाया और 2.3 ओवर में एक विकेट लिया, लेकिन इस दौरान उन्होंने 37 रन खर्च किए। हार के बावजूद अभिषेक के लिए ये पारी काफी अहम है। वो इस टूर्नामेंट के जरिए अपनी लय हासिल करना चाहेंगे। भारतीय टीम को इस महीने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की T20 श्रृंखला खेलनी है।
इसके बाद टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ एकदिवसीय और T20 मुकाबले खेलेगी। एशियाई खेलों में भी अभिषेक से बड़ी उम्मीदें होंगी। ऐसे में शेरे पंजाब T20 लीग में उनकी ये विस्फोटक पारी भारतीय टीम के लिए अच्छी खबर मानी जा सकती है।
अमृतसर सूरमास और मोहाली किंग्स के बीच हुए जबरदस्त मुकाबले ने रिकॉर्ड बुक में अपनी जगह बना ली है, जिसमें सिर्फ 39.2 ओवरों में कुल 520 रन बने। अभिषेक की शुरुआती तूफानी बल्लेबाजी से ऐसा स्कोर बना जिसे पार करना लगभग नामुमकिन लग रहा था लेकिन दूसरी पारी में अनमोलप्रीत के जबरदस्त हमले की वजह से अमृतसर का 258 रन का स्कोर अब टूर्नामेंट के इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बन गया है। ये मोहाली के हालिया रिकॉर्ड-तोड़ने वाले चेज के ठीक पीछे है।