IPL के वो 5 दिग्गज जो कभी नहीं जीत पाए ऑरेंज कैप, 2 खिलाड़ी तो 2008 से अब तक खेल रहे, देखें लिस्ट

IPL 2026: आज हम ऐसे 5 वर्ल्ड क्लास खिलाड़ियों की सूची लाए हैं, जिन्होंने आईपीएल में सबसे ज्यादा रन तो बनाए, लेकिन कभी ऑरेंज कैप अपने नाम नहीं कर पाए। इस लिस्ट में कई बड़े नाम शामिल हैं।
The 5 IPL Legends Who Never Won the Orange Cap
एम.एस. धोनी, रोहित शर्मा (Image- Social Media)
Updated on

IPL Records: IPL की शुरुआत अब करीब है। डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच 28 मार्च को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में इस रंगारंग लीग के 19वें सीजन का पहला मुकाबला खेला जाएगा। इस लीग के आगाज से पहले हम आपके लिए रोज कुछ दिलचस्प आंकड़े लेकर आते हैं।

इसी क्रम में आज हम ऐसे 5 वर्ल्ड क्लास खिलाड़ियों की सूची लाए हैं, जिन्होंने आईपीएल में सबसे ज्यादा रन तो बनाए, लेकिन कभी ऑरेंज कैप अपने नाम नहीं कर पाए। इस लिस्ट में कई बड़े नाम शामिल हैं, और टॉप खिलाड़ी का नाम जानकर आप चौंक सकते हैं।

एबी डी विलियर्स

दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) से अपने आईपीएल करियर की शुरुआत करने वाले एबी डी विलियर्स इस सूची में पांचवें स्थान पर हैं। शुरुआती तीन सीजन दिल्ली के लिए खेलने के बाद 2011 में वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से जुड़ गए। 14 सीजन तक शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद डी विलियर्स ने 5000 से ज्यादा रन बनाए, लेकिन कभी ऑरेंज कैप हासिल नहीं कर सके। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में कुल 5162 रन बनाए।

एमएस धोनी

चेन्नई सुपर किंग्स को पांच बार चैंपियन बनाने वाले पूर्व कप्तान एमएस धोनी का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है। धोनी आमतौर पर निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हैं, फिर भी उनके नाम 5439 रन दर्ज हैं। उन्होंने कई बार टीम को मुश्किल हालात से जीत दिलाई, लेकिन ऑरेंज कैप उनसे हमेशा दूर ही रही।

सुरेश रैना

‘मिस्टर आईपीएल’ के नाम से मशहूर सुरेश रैना भी इस सूची का हिस्सा हैं। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में 200 से अधिक मैच खेले, लेकिन किसी भी सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप नहीं जीत सके। रैना ने 205 मैचों में 5528 रन बनाए और आईपीएल इतिहास के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में गिने जाते हैं।

शिखर धवन

‘गब्बर’ के नाम से मशहूर शिखर धवन का आईपीएल करियर भी बेहद शानदार रहा है। उन्होंने मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद और पंजाब के लिए खेलते हुए लगातार रन बनाए और कई बार टॉप रन-स्कोरर्स की रेस में रहे, लेकिन कभी ऑरेंज कैप नहीं जीत पाए। 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद के साथ उन्होंने खिताब जरूर जीता। धवन ने 222 मैचों में 6769 रन बनाए।

रोहित शर्मा

‘मुंबई चा राजा’ रोहित शर्मा का नाम इस लिस्ट में सबसे ज्यादा चौंकाने वाला है। 7000 से अधिक रन और मुंबई इंडियंस को पांच खिताब दिलाने के बावजूद वह कभी ऑरेंज कैप नहीं जीत पाए। वह आईपीएल इतिहास में विराट कोहली के बाद दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। रोहित ने 272 मैचों में 7046 रन बनाए हैं। अब जब उनका करियर आखिरी चरण में है, तो उम्मीद है कि वह इस सीजन में शानदार प्रदर्शन कर इस कमी को पूरा करने की कोशिश करेंगे।

Navbharat Live
navbharatlive.com