

Glasgow Commonwealth Games 2026 Closing Ceremony Details: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है। रविवार को स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में रंगारंग क्लोजिंग सेरेमनी के साथ खेलों का समापन होगा। यह समारोह भारत के लिए भी बेहद खास रहने वाला है, क्योंकि इसी दौरान आधिकारिक तौर पर 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी का बैटन और ध्वज अहमदाबाद को सौंपा जाएगा। भारत की नजर आखिरी दिन अपने 39 पदकों की संख्या में और इजाफा करने पर भी रहेगी।
समापन समारोह में भारतीय सितार वादक ऋषभ रिखीराम शर्मा और स्कॉटलैंड के मशहूर बैगपाइप कलाकार रॉस ऐंसली की खास जुगलबंदी देखने को मिलेगी। इसके अलावा गुजरात की संस्कृति पर आधारित शानदार प्रस्तुति भी होगी। अंतरराष्ट्रीय कलाकारों में स्कॉटिश रॉक बैंड सिंपल माइंड्स, बीईएमजेड, कैमी बार्न्स, सैंडी थॉम और ऑस्ट्रेलियाई गायिका डेल्टा गुड्रेम भी अपनी प्रस्तुति देंगी।
समारोह की शुरुआत में ग्लास्गो से अहमदाबाद को कॉमनवेल्थ गेम्स का किंग्स बैटन और आधिकारिक ध्वज सौंपा जाएगा। यह पल इसलिए भी खास होगा क्योंकि 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स इस प्रतियोगिता के 100 साल पूरे होने का जश्न भी होंगे। पहला कॉमनवेल्थ गेम्स साल 1930 में कनाडा के हैमिल्टन शहर में आयोजित हुआ था।
क्लोजिंग सेरेमनी में भारतीय संस्कृति की खास झलक देखने को मिलेगी। मशहूर गायक शंकर महादेवन और अभिनेत्री रश्मिका मंदाना अपनी प्रस्तुति से अहमदाबाद 2030 की झलक दुनिया के सामने पेश करेंगे। गुजरात पर आधारित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिए भारत की परंपरा, विविधता और आधुनिक सोच को दिखाया जाएगा। इस कार्यक्रम के जरिए भारत पूरी दुनिया के खिलाड़ियों को 2030 में अहमदाबाद आने का न्योता देगा।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की क्लोजिंग सेरेमनी 2 अगस्त को ग्लास्गो के OVO हाइड्रो एरीना में होगी। करीब 13 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस इंडोर स्टेडियम में यह भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। स्थानीय समयानुसार समारोह रात 9:00 बजे शुरू होगा। भारतीय समय के अनुसार इसका प्रसारण 3 अगस्त की रात 1:30 बजे से होगा।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की क्लोजिंग सेरेमनी का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और डीडी फ्री डिश पर किया जाएगा। वहीं, इसकी लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी। दर्शक इस शानदार कार्यक्रम को सोनी लिव ऐप पर हिंदी और अंग्रेजी के अलावा अपनी-अपनी भाषाओं में भी लाइव देख सकेंगे।