आयुष शेट्टी का वर्ल्ड चैंपियनशिप सफर थमा, अल्वी फरहान ने सीधे गेम में दी मात; अब एशियन गेम्स पर नजर

BWF World Championship 2026: बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में आयुष शेट्टी का सफर थमा। अल्वी फरहान ने सीधे गेमों में हराया। अब आयुष का पूरा ध्यान एशियन गेम्स पर है।
Ayush Shetty's journey at the BWF World Championships 2026 came to an end.
आयुष शेट्टी (सोर्स - सोशल मीडिया)
Updated on

Ayush Shetty Lost To Alwi Farhan In Round Of 16: बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में भारत के युवा बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी का सफर मेंस सिंगल्स के राउंड ऑफ-16 में खत्म हो गया। गुरुवार को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में इंडोनेशिया के अल्वी फरहान ने उन्हें सीधे गेमों में 21-19, 21-11 से हराया।

पहला गेम टक्कर का रहा

पहला गेम बेहद करीबी रहा। इंटरवल तक फरहान के पास सिर्फ 11-9 की बढ़त थी। गेम दोबारा शुरू होने के बाद इंडोनेशियाई खिलाड़ी ने बढ़त बढ़ाते हुए स्कोर 18-14 कर दिया। इसके बाद आयुष ने शानदार वापसी की और लगातार पांच अंक जीतकर 19-18 की बढ़त बना ली। लेकिन वो इस बढ़त को जीत में नहीं बदल सके। फरहान ने लगातार तीन अंक हासिल किए और पहला गेम 21-19 से अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में फरहान का दबदबा

दूसरे गेम में फरहान ज्यादा आत्मविश्वास के साथ खेले। उनके शॉट्स बेहद सटीक रहे और नेट के पास उन्होंने आयुष पर लगातार दबाव बनाया। आयुष को सही लाइन और शॉट की सही लंबाई तय करने में परेशानी हुई। इसका फायदा फरहान ने उठाया और दूसरे गेम को 21-11 से जीतकर मैच अपने नाम कर लिया।

मैच के बाद आयुष ने माना कि पहले गेम में उनके पास जीतने का अच्छा मौका था, लेकिन वो उसका फायदा नहीं उठा सके। उन्होंने कहा कि दूसरे गेम में फरहान ज्यादा आत्मविश्वास में दिखे और उनके शॉट्स काफी सटीक थे। जब आयुष को मौके मिले, तो वो सही लाइन नहीं पकड़ पाए और यही अंतर साबित हुआ। आयुष ने कहा कि कुल मिलाकर उस दिन फरहान बेहतर खिलाड़ी थे। उन्होंने धैर्य के साथ खेलते हुए पूरे मैच पर अच्छी पकड़ बनाए रखी।

फरहान बहुत तेज हैं- आयुष

आयुष शेट्टी ने फरहान के खेल की तारीफ करते हुए कहा कि उनके खिलाफ खेलना काफी मुश्किल है। वो बहुत तेज हैं और नेट के पास लगातार दबाव बनाते हैं। इससे आयुष को नेट पर अपना स्वाभाविक खेल दिखाने का मौका कम मिला और उनसे कुछ गलतियां हुईं।

उन्होंने ये भी कहा कि फरहान के पास कई तरह के शॉट और वेरिएशन हैं। आयुष के मुताबिक, फिलहाल मेंस सिंगल्स में फरहान के वेरिएशन सबसे अच्छे खिलाड़ियों में से एक हैं और यही उन्हें इतना मजबूत खिलाड़ी बनाता है।

Ayush Shetty's journey at the BWF World Championships 2026 came to an end.
पीवी सिंधु का वर्ल्ड चैंपियनशिप सफर खत्म, रिकॉर्ड छठे मेडल से चूकीं; वांग झी यी ने रोमांचक मुकाबले में हराया

अब एशियन गेम्स पर फोकस

वर्ल्ड चैंपियनशिप से बाहर होने के बाद आयुष की नजर अब अगले महीने होने वाले एशियन गेम्स पर है। उन्होंने बताया कि वर्ल्ड चैंपियनशिप और एशियन गेम्स दोनों के लिए तैयारी की जा रही थी।

आयुष ने कहा कि टीम तैयार है और अब सिर्फ कुछ रणनीतिक बदलाव करने की जरूरत है। उन्होंने माना कि फरहान के खिलाफ मिली हार से उन्हें काफी कुछ सीखने को मिला है। अब आयुष इस मुकाबले को पीछे छोड़कर एशियन गेम्स पर पूरा ध्यान लगाना चाहते हैं, जहां वो बेहतर प्रदर्शन के साथ वापसी करने की कोशिश करेंगे।

Navbharat Live
navbharatlive.com