शूटिंग में आएगा गोल्ड! अवनी लेखरा और मोना अग्रवाल 10 मीटर एयर राइफल के फाइनल में पहुंची

भारतीय निशानेबाज अवनी लेखरा और हमवतन मोना अग्रवाल ने पेरिस पैरालंपिक में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल फाइनल (एसएच1) के क्वालीफिकेशन में शानदार खेलते हुए फाइनल में जगह बना ली है। अवनी दूसरे स्थान पर और मोना पांचवें स्थान पर रहते पदक के एक कदम और करीब पहुंच गई हैं।
अवनि लेखरा और मोना अग्रवाल ने पेरिस पैरालिंपिक 2024 में 10 मीटर एयर राइफल फाइनल के लिए क्वालीफाई किया
अवनि लेखरा और मोना अग्रवाल (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

पेरिस: पेरिस पैरालंपिक 2024 में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल फाइनल (एसएच1) के क्वालीफिकेशन में भारत की निशानेबाज अवनी लेखरा ने धमाल मचा दिया है। वह दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाने में सफल रही। साथ ही हमवतन मोना अग्रवाल ने भी पांचवें स्थान पर रहते हुए आठ निशानेबाजों के फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

गत चैंपियन अवनी ने 625.8 का स्कोर किया और वह इरिना शचेतनिक से पीछे रहीं। इरिना ने 627.5 के स्कोर के साथ पैरालंपिक क्वालिफिकेशन दौर में नया रिकॉर्ड कायम किया। अपने पहले पैरालंपिक में प्रतिस्पर्धा कर रही दो बार की विश्व कप स्वर्ण पदक विजेता मोना ने 623.1 का स्कोर किया।

अवनी तीन साल पहले टोक्यो पैरालंपिक में एसएच1 श्रेणी में स्वर्ण पदक जीतने के बाद देश की सबसे अधिक सुर्खियां बटोरने वाली पैरा खिलाड़ी बनी थी। उन्होंने टोक्यो पैरालंपिक में 10 मीटर एयर राइफल में स्वर्ण और 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन में कांस्य पदक जीता था।

कार दुर्घटना में शरीर के निचले हिस्से में गंभीर चोट के बाद से अवनी व्हीलचेयर का इस्तेमाल करती है। निशानेबाजी में एसएच1 श्रेणी में ऐसे निशानेबाज शामिल होते हैं जिनकी बांहों, निचले धड़, पैरों की गति प्रभावित होती है या उनके हाथ या पैर में विकार होता है।

जानकारी के लिए बता दें कि अवनि लेखरा एक ही पैरालंपिक में दो मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला एथलीट हैं। उन्होंने टोक्यो पैरालंपिक में 10 मीटर एयर राइफल में गोल्ड मेडल जीता था। वह 50 मीटर राइफल थ्री-पोजीशन में कांस्य पदक भी जीत चुकी हैं।

वहीं मोना अग्रवाल ने दिल्ली में हुए पैरा वर्ल्ड कप में गोल्ड मेडल जीता था। इस वर्ल्ड कप में उन्होंने ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट रहीं अवनी लेखरा को हराया था। अब वे पेरिस में भारत तो गोल्ड दिला सकती हैं।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com