

Highlights:
भारत के सचिन खिलारी ने शॉट पुट F46 में रिकॉर्ड के साथ गोल्ड जीता।
भाग्यश्री जाधव और कस्तूरी राजमणि ने भी सिल्वर मेडल हासिल किए।
पावरलिफ्टर कस्तूरी राजमणि ने महिलाओं की 67 किलोग्राम कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीता।
Asian Para Games 2026: जापान के नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स में बुधवार को, सचिन सर्जेराव खिलारी ने एशियन पैरा गेम्स में पुरुषों के शॉट पुट F46 इवेंट में गोल्ड मेडल जीता और एक नया गेम्स रिकॉर्ड बनाया। इस इवेंट में भारतीय एथलीटों ने क्लीन स्वीप किया। पेरिस पैरालंपिक में सिल्वर मेडल जीतने वाले सचिन ने पिछले एशियन पैरा गेम्स में जीते अपने गोल्ड मेडल का सफलतापूर्वक बचाव किया।
सचिन ने अपने छठे और अंतिम प्रयास में 15.87 मीटर का थ्रो करके पहला स्थान हासिल किया और 15.67 मीटर के पिछले गेम्स रिकॉर्ड को तोड़ दिया। उनके साथी भारतीय मोहम्मद यासिर ने अपने तीसरे प्रयास में 15.06 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि परवीन 14.94 मीटर की दूरी के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
वहीं एशियन पैरा गेम्स में भाग्यश्री जाधव ने महिलाओं के शॉट पुट F34 इवेंट में 8.19 मीटर के अपने अब तक के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता।
F46 कैटेगरी उन एथलीटों के लिए है जिनके ऊपरी अंगों (हाथों) में कोई कमी या विकलांगता है। विशेष रूप से, जिनकी कोहनी के ऊपर या नीचे से कोई अंग कटा हुआ हो, या ऊपरी अंगों से जुड़ी कोई अन्य विकलांगता हो। ये एथलीट खड़े होकर प्रतिस्पर्धा करते हैं और शॉट पुट फेंकने के लिए आवश्यक ताकत पैदा करने के लिए अपने कूल्हों और पैरों का इस्तेमाल करते हैं।
बुधवार को एशियन पैरा गेम्स में भारतीय पावरलिफ्टर कस्तूरी राजमणि ने महिलाओं की 67 किलोग्राम कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीता। तमिलनाडु की रहने वाली कस्तूरी ने अपने तीसरे और अंतिम प्रयास में 108 किलोग्राम वजन उठाकर दूसरा स्थान हासिल किया।
उनकी सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी, किम ह्योंग-हुई, अपने अंतिम प्रयास में चूक गईं और उन्हें 107 किलोग्राम के सर्वश्रेष्ठ लिफ्ट के साथ कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। उज्बेकिस्तान की रुखशोना उक्तामोवा ने 127 किलोग्राम वजन उठाकर गोल्ड मेडल जीता।
कस्तूरी 42 वर्ष की हैं और उनके दोनों पैरों में पोलियो है। बचपन में ही उनकी मां का निधन हो गया था और उनका पालन-पोषण उनकी दादी ने किया। मौजूदा खेलों में पावरलिफ्टिंग में भारत का यह दूसरा पदक है। मंगलवार को, अशोक कुमार मलिक ने पुरुषों की 65 किलोग्राम श्रेणी में सिल्वर मेडल जीता।