

Quimsey Dsouza Anas Baig Lost: एशियन गेम्स 2026 में भारत का टेकबॉल अभियान बिना पदक के खत्म हो गया। रविवार को क्विम्सी डिसूजा और मोहम्मद अनस इमरान बेग की भारतीय जोड़ी को मिक्स्ड डबल्स के कांस्य पदक मुकाबले में वियतनाम के गुयेन होआंग मिन्ह टैन और ट्रिन्ह जिया न्घी के खिलाफ 9-12, 6-12 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ भारतीय जोड़ी कांस्य पदक से चूक गई और चौथे स्थान पर रही।
भारतीय जोड़ी ने पहले सेट में अच्छी शुरुआत की। भारत और वियतनाम की जोड़ी 6-6 की बराबरी पर थी, जिसके बाद क्विम्सी और अनस ने 8-6 की बढ़त बना ली। हालांकि, भारतीय जोड़ी इस बढ़त को बरकरार नहीं रख सकी।
वियतनाम ने लगातार पॉइंट हासिल करते हुए सेट पर पकड़ बनाई और इसे 12-9 से जीत लिया। दूसरे सेट में भी भारत ने कई मौके बनाए, लेकिन उन्हें बढ़त में बदल नहीं सका। वियतनाम ने सेट के आखिरी हिस्से में अपनी बढ़त मजबूत की और 12-6 से सेट जीतकर कांस्य पदक अपने नाम कर लिया।
क्विम्सी डिसूजा की चोट ने भी भारतीय जोड़ी की मुश्किल बढ़ा दी। दूसरे सेट के दौरान उन्हें लंबे मेडिकल ब्रेक की जरूरत पड़ी। दिन में इससे पहले ही क्विम्सी महिला एकल का कांस्य पदक मुकाबला खेल चुकी थीं, जिसमें उन्हें जापान की युइना सकामोटो के खिलाफ हार मिली थी।
क्विम्सी ने मेडिकल ट्रीटमेंट के बाद कोर्ट पर वापसी की, लेकिन सर्व करते समय वो असहज नजर आईं। खेल दोबारा शुरू हुआ तो भारत 5-9 से पीछे था। इसके बाद भारतीय जोड़ी सिर्फ एक और पॉइंट हासिल कर सकी और वियतनाम ने मुकाबला जीत लिया।
इस हार के साथ भारत का टेकबॉल अभियान बिना पदक के खत्म हो गया। वहीं, क्विम्सी के लिए उनका पहला एशियन गेम्स भी मुश्किल नतीजे के साथ समाप्त हुआ। मुंबई की इस खिलाड़ी को इससे पहले महिला एकल के कांस्य पदक मुकाबले में भी जापान की युइना सकामोटो से हार मिली थी।