

India Medals Record Improvement In Aichi Nagoya: एशियन गेम्स 2026 का आयोजन जापान के आईची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होगा। ये एशियन गेम्स का 20वां संस्करण है। भारत इस टूर्नामेंट के हर संस्करण में हिस्सा लेने वाले चुनिंदा देशों में शामिल है और इस बार भी भारतीय दल दमदार प्रदर्शन के लिए तैयार है।
एशियन गेम्स की शुरुआत 1951 में भारत की मेजबानी में हुई थी। पहले संस्करण में 11 देशों ने हिस्सा लिया था। अब ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया के सभी 45 सदस्य देश नियमित रूप से एशियन गेम्स में भाग लेते हैं।
1951 में भारत ने 15 स्वर्ण, 16 रजत और 20 कांस्य समेत कुल 51 पदक जीते थे। वहीं, हांगझोऊ में हुए 2022 एशियन गेम्स में भारत ने अपना अब तक का सबसे शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय दल ने 28 स्वर्ण, 38 रजत और 40 कांस्य समेत कुल 106 पदक जीते और पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा।
एशियन गेम्स के पिछले 19 संस्करणों में भारत ने कुल 778 पदक जीते हैं। इनमें 183 स्वर्ण, 238 रजत और 357 कांस्य पदक शामिल हैं। एशियन गेम्स के इतिहास में भारत सबसे ज्यादा पदक जीतने वाले देशों की सूची में पांचवें स्थान पर है।
भारत को सबसे ज्यादा पदक एथलेटिक्स में मिले हैं। इस खेल में भारत ने 85 स्वर्ण, 102 रजत और 96 कांस्य समेत कुल 283 पदक जीते हैं। इसके अलावा निशानेबाजी में 80, कुश्ती में 65 और मुक्केबाजी में 61 पदक भारत के नाम हैं। एशियन गेम्स के इतिहास में भारत की सबसे सफल एथलीट पीटी उषा हैं। उन्होंने 4 स्वर्ण और 7 रजत समेत कुल 11 पदक जीते हैं।
सबसे ज्यादा पदक जीतने वाले देशों की सूची में चीन पहले, जापान दूसरे, दक्षिण कोरिया तीसरे और ईरान चौथे स्थान पर है। चीन ने 3,570, जापान ने 3,242, दक्षिण कोरिया ने 2,425 और ईरान ने 611 पदक जीते हैं। ईरान के नाम 192 स्वर्ण पदक हैं, जबकि भारत ने अब तक 183 स्वर्ण जीते हैं। इसी वजह से कुल पदक कम होने के बावजूद ईरान भारत से ऊपर है।
एशियन गेम्स 2026 में भारत के पास ईरान को स्वर्ण पदकों के मामले में पीछे छोड़कर पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंचने का मौका है। इसके साथ ही भारतीय दल की नजर हांगझोऊ में जीते 106 पदकों के रिकॉर्ड को बेहतर करने पर भी होगी।