

Avinash Sable Wins Race Ahead Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 का आयोजन जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होगा। भारतीय एथलीट इस बड़े खेल मंच पर बेहतर प्रदर्शन और पदक जीतने के लिए तैयारी में जुटे हैं।
एशियन गेम्स में ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में हिस्सा लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों की तैयारी परखने के लिए शुक्रवार को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में इंडियन एथलेटिक्स चैंपियंस फाइनल सीरीज 2026 का आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता में एशियन गेम्स के लिए चुने गए खिलाड़ियों के साथ देशभर के कई प्रतिभाशाली एथलीटों ने भी हिस्सा लिया। प्रतियोगिता ने खिलाड़ियों को अपनी तैयारी जांचने के साथ-साथ बड़े मुकाबले से पहले आत्मविश्वास बढ़ाने का मौका दिया।
3000 मीटर स्टीपलचेज के भारतीय एथलीट अविनाश साबले ने कहा कि भारतीय खिलाड़ी एशियन गेम्स के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वो चोट से वापसी कर रहे हैं और इस प्रतियोगिता में उनकी रिकवरी के बाद पहली रेस थी।
साबले ने कहा कि उनकी ट्रेनिंग अच्छी चल रही है और टीम का आत्मविश्वास भी बढ़ा हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एशियन गेम्स 2026 में भारत का प्रदर्शन पिछले मुकाबले से बेहतर रहेगा। अविनाश साबले ने इस प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया। वह 2023 एशियन गेम्स में पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।
एक अन्य एथलीट ने कहा कि वो एशियन गेम्स के लिए पूरी तरह तैयार हैं और प्रतियोगिता को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें दर्शकों के सामने प्रदर्शन करना पसंद है और वो एशियन गेम्स में हिस्सा लेने का इंतजार कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में उनके कोच ने उन्हें समय पर ध्यान देने के बजाय अपनी दौड़ पर फोकस करने के लिए कहा था। एथलीट ने देश के सभी खिलाड़ियों से कड़ी मेहनत करने और अपने राज्य व देश के लिए पदक जीतने की अपील भी की।