

Pakistan Hockey Team India Visit: हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान हॉकी टीम के भारत दौरे को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है। पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन के प्रमुख मोहिउद्दीन अहमद वानी ने कहा है कि टीम का भारत आना सरकार की मंजूरी पर निर्भर करेगा।
मेन्स एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक भारत में खेली जाएगी। टूर्नामेंट के मुकाबले जालंधर और मोहाली में होंगे। भारत, चीन, जापान, मलेशिया, कोरिया और पाकिस्तान को इसमें हिस्सा लेना है।
पाकिस्तान के नहीं आने की स्थिति में ओमान या बांग्लादेश को टूर्नामेंट में शामिल किया जा सकता है। दोनों टीमों को फिलहाल रिजर्व टीम के तौर पर रखा गया है। पाकिस्तान के अखबार 'डॉन' की रिपोर्ट के मुताबिक, वानी ने कहा कि पाकिस्तान टीम का दौरा सरकार की मंजूरी पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि सरकार जो फैसला करेगी, फेडरेशन उसी के अनुसार काम करेगा।
वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को कहा कि पाकिस्तान अगले महीने टूर्नामेंट के लिए भारत आएगा। उन्होंने कहा कि बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हो सकता है, जबकि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली जा सकती।
दरअसल, 5 मई को खेल मंत्रालय की ओर से जारी कार्यालय ज्ञापन में कहा गया था कि पाकिस्तानी खिलाड़ी और टीमें भारत में आयोजित होने वाले बहुराष्ट्रीय खेल आयोजनों में हिस्सा ले सकती हैं। इसमें खिलाड़ियों, अधिकारियों और अंतरराष्ट्रीय खेल महासंघों के प्रतिनिधियों के लिए वीजा व्यवस्था में सहयोग की बात भी कही गई थी।
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का लीग चरण 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक जालंधर में खेला जाएगा। इसके बाद 4 नवंबर को सेमीफाइनल और 5 नवंबर को फाइनल होगा। भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 1 नवंबर को पंजाब के जालंधर में प्रस्तावित है। भगवंत मान ने इस मुकाबले को टूर्नामेंट का बड़ा आकर्षण बताया है।
भगवंत मान ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच हॉकी मैदान पर मुकाबला होगा, लेकिन खेल की अपनी अलग भाषा होती है। पाकिस्तान ने पिछले साल भारत में आयोजित जूनियर हॉकी विश्व कप और सीनियर पुरुष हॉकी एशिया कप में हिस्सा नहीं लिया था। ऐसे में इस बार पाकिस्तान के भारत दौरे पर सरकार के फैसले का इंतजार है।