

मुंबई: मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) के बेटे अर्जुन (Arjun Tendulkar) ने रणजी (Ranji Trophy 2022-2023) में डेब्यू कर लिया है। रणजी के 2022-23 के सीजन की शुरुआत हो गई है। इस टूर्नामेंट में अर्जुन तेंदुलकर ने गोवा की तरफ से खेलते हुए इतिहास रच दिया है। उन्होंने अपने पिता सचिन तेंदुलकर की तरह रणजी में डेब्यू करते हुए कमाल कर दिखाया है।
अर्जुन (Arjun Tendulkar) ने राजस्थान के खिलाफ खेलते हुए अपने डेब्यू मैच में शानदार शतक जड़ दिया। मालूम हो कि, क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर ने भी अपने रणजी डेब्यू में गुजरात के खिलाफ शतक लगाया था। 23 साल अर्जुन गोवा टीम में गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में खेल रहे हैं। लेकिन बॉलिंग से पहले उन्होंने बल्लेबाज़ी में कमाल कर दिया।
अर्जुन तेंदुलकर (Arjun Tendulkar) ने 178 बॉल में अपनी सेंचुरी पूरी की, जिसमें 12 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। इस दौरान अर्जुन ने कुल 26 सिंगल, 7 डबल रन भी लिए। करीब 56 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए और अपनी पारी में 131 डॉट बॉल भी खेलीं। अर्जुन ने अपने पहले ही मैच में अपनी बल्लेबाजी से सबको हैरान कर दिया। वहीं, अब वह गेंदबाजी से भी सबको हैरान करने को तैयार हैं। अर्जुन मुख्य रूप से एक गेंदबाज़ हैं। वो लेफ्ट आर्म मीडियम फास्ट बॉलर बॉलिंग कराते हैं।
23 वर्षीय अर्जुन ने अब तक अपने करियर में 7 लिस्ट-ए और 9 टी20 मैच खेले हैं। लिस्ट-ए के मैचों में अर्जुन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 32.37 की औसत से 8 विकेट लिए हैं। वहीं, 9 टी20 मैचों में उन्होंने गेंदबाजी करते हुए 12 विकेट लिए हैं।