

Highlights:
अनाहत सिंह ने मिस्र की आठ बार की विश्व चैंपियन नूर अल शेरबिनी को हराया।
अनाहत सिंह ने 'सिलिकॉन वैली ओपन स्क्वैश' के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।
अनाहत सिंह नूर अल शेरबिनी के सभी मैच देखकर बड़ी हुई है।
Anahat Singh vs Noor El Sherbini: दुनिया में 15वें नंबर की खिलाड़ी अनाहत सिंह ने अमेरिका के रेडवुड सिटी में आयोजित 'सिलिकॉन वैली ओपन स्क्वैश' के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने मिस्र की आठ बार की विश्व चैंपियन नूर अल शेरबिनी को सीधे गेमों में हराया।
18 वर्षीय अनाहत ने अपने करियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज करते हुए, 143,500 अमेरिकी डॉलर इनामी राशि वाले PSA गोल्ड इवेंट के दूसरे दौर में, टॉप सीड और दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी अल शेरबिनी को 30 मिनट के भीतर 11-8, 11-8, 11-7 से हरा दिया।
इस जीत के बाद अनाहत ने कहा, "मैं उनके सभी मैच देखकर बड़ी हुई हूं। मैं भी अपने करियर में वह सब हासिल करना चाहती हूं जो उन्होंने किया है। वह सभी स्क्वैश खिलाड़ियों के लिए एक प्रेरणा हैं। यह पहली बार था जब मैंने उनके साथ कोर्ट साझा किया। मुझे उम्मीद नहीं थी कि मुकाबला इस तरह से होगा। मुझे लगा था कि मुझे खेल में जमने और उनके खेलने के तरीके को समझने में थोड़ा समय लगेगा। लेकिन मेरी रणनीति (गेम प्लान) बहुत अच्छी रही।"
अब अनाहत सिंह का सामना मिस्र की सलमा हनी से होगा, जो दुनिया में 14वें नंबर पर हैं। इससे पहले, एशियन गेम्स में अनाहत ने इतिहास रचा था। वह इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता में स्क्वैश सिंगल्स के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं।
एशियन गेम्स के फाइनल में मलेशिया की शिवसंगरी सुब्रमण्यम से हारने के बाद, उन्हें सिल्वर मेडल मिला। हांगझोऊ में हुए 2023 एशियन गेम्स में, अनाहत ने महिला टीम और मिक्स्ड डबल्स इवेंट में दो ब्रॉन्ज मेडल जीते। इस साल की शुरुआत में, उन्होंने 'वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप' में गर्ल्स सिंगल्स का खिताब जीता।
ऐसा करने वाली वह पहली भारतीय बनीं और इस टूर्नामेंट में मिस्र के 15 साल के दबदबे को खत्म कर दिया। अनाहत स्क्वैश खेल में तेजी से एक ग्लोबल स्टार के रूप में उभर रही हैं। भविष्य में उनसे देश को काफी उम्मीदें हैं।
- एजेंसी इनपुट के साथ