

Amitabh Bachchan On FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन ने फुटबॉल को लेकर अपनी दिलचस्प राय साझा की है। अपने आधिकारिक ब्लॉग पर बिग बी ने अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच खेले गए सेमीफाइनल का जिक्र करते हुए कहा कि टूर्नामेंट के इस स्तर पर सभी खिलाड़ी सुपरस्टार होते हैं, लेकिन असली फर्क कोच की रणनीति पैदा करती है।
अमिताभ बच्चन ने लिखा कि जब विश्व कप अपने अंतिम चरण में पहुंचता है और सिर्फ चार टीमें बचती हैं, तब किसी भी मैच की भविष्यवाणी करना आसान नहीं होता। उनके मुताबिक इस स्तर पर मैदान में उतरने वाला हर खिलाड़ी अपने आप में सुपरस्टार होता है और किसी की क्षमता पर सवाल नहीं उठाया जा सकता।
उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जीत इस बात पर निर्भर करती है कि कोच अपने खिलाड़ियों का इस्तेमाल कैसे करता है। बिग बी के अनुसार, फाइनल में असली मुकाबला स्पेन और अर्जेंटीना के खिलाड़ियों के बीच नहीं, बल्कि दोनों टीमों के कोचों की रणनीति के बीच होगा। उन्होंने लिखा कि कोच योजना बनाते हैं और खिलाड़ियों का काम उसे मैदान पर सही तरीके से लागू करना होता है।
अमिताभ बच्चन ने खास तौर पर अर्जेंटीना के सेमीफाइनल की एक रणनीतिक चाल की तारीफ की। उन्होंने बताया कि इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले के आखिरी तीन मिनट में अर्जेंटीना के कोच ने ड्रॉ बचाने के लिए डिफेंडर उतारने के बजाय एक अतिरिक्त स्ट्राइकर मैदान पर भेजा। उनके मुताबिक यह फैसला काफी जोखिम भरा था, लेकिन साहसी भी था और आखिरकार उसी रणनीति ने अर्जेंटीना को जीत दिलाई।
इससे पहले भी अमिताभ बच्चन अपने ब्लॉग में फीफा वर्ल्ड कप 2026 को लेकर प्रतिक्रिया दे चुके हैं। उन्होंने कुछ मैचों में रेफरी के फैसलों पर सवाल उठाए थे और कहा था कि कई फैसले एक टीम के पक्ष में और दूसरी के खिलाफ नजर आए। साथ ही उन्होंने ये भी कहा था कि इस विश्व कप में कई बड़ी फुटबॉल ताकतों का जल्दी बाहर होना चौंकाने वाला रहा, जबकि कई छोटी टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा।
उन्होंने अपने ब्लॉग में लिखा था कि लोग हमेशा कहते हैं कि 'सबसे अच्छी टीम जीते', लेकिन वास्तव में कौन सबसे बेहतर है, इसका फैसला सिर्फ मैच के नतीजे ही करते हैं। अब स्पेन और अर्जेंटीना के बीच होने वाले फाइनल से पहले अमिताभ बच्चन की ये टिप्पणी सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है।