

लेख में योगी आदित्यनाथ की बुलडोजर कार्रवाई और अन्य राज्यों में इसके इस्तेमाल पर व्यंग्य किया गया है।
बुलडोजर कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम बताने वाली सोच पर सवाल उठाए गए हैं।
लेख में अदालत की प्रक्रिया और कानून के तहत सजा देने की जरूरत पर जोर दिया गया है।
अंत में बीजेपी के चुनाव चिह्न कमल को बदलकर बुलडोजर रखने पर व्यंग्य किया गया है।
India Bulldozer Action Controversy: पड़ोसी ने हमसे कहा, 'निशानेबाज, चीन के कम्युनिस्ट नेता माओ त्से तुंग ने कहा था कि 'पावर कम्स फ्रॉम द बैरल ऑफ ए गन' अर्थात सत्ता की ताकत बंदूक की नली से निकलती है, लेकिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उस घिसी-पिटी परिभाषा को बदलकर दिखा दिया है कि असली पावर बुलडोजर से निकलता है। माफिया, समाजकंटक, दुष्कर्मी, दंगाई, शातिर अपराधी के घर पर सीधे बुलडोजर चला दो। जब उसका मकान, हवेली या आशियाना ढहकर मलबे में तब्दील हो जाता है, तो वहां तमाशा देख रही पब्लिक समझ जाती है कि सरकार से ज्यादा पावरफुल कोई नहीं है। सत्ता के सामने पत्ता तक नहीं हिलता।
योगी के बुलडोजर फॉर्मूले को मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी फॉलो किया था और दुष्कर्मियों के घरों पर बुलडोजर चलवाने का साहस दिखाया था। इसके बाद गुजरात की बीजेपी सरकार ने भी दंगाइयों की गैरकानूनी दुकानों पर बुलडोजर चलाकर मटियामेट कर दिया था। बिहार में भी यही किया जा रहा है।'
हमने कहा, 'अदालतों ने मना किया है कि सरकार को सीधे इस तरह किसी की प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाने का अधिकार नहीं है। मामला अदालत में पेश किया जाना चाहिए, जहां कानून के मुताबिक सजा दी जा सकती है। कोर्ट-कचहरी, अपील, वकील, दलील के माध्यम से प्रक्रिया पूरी होनी चाहिए, जब तक कोर्ट सजा न सुनाए व्यक्ति बेगुनाह या मासूम माना जाता है। एकदम बुलडोजर चला देना गैरकानूनी है।'
पड़ोसी ने कहा, 'निशानेबाज, बुलडोजर के पीछे नेताओं के दृढ़ निश्चय की ऊर्जा और बुराई को मिटाने का संकल्प और साहस है। जब बुलडोजर का आविष्कार नहीं हुआ था तब हाथी का इस्तेमाल किया जाता था। बादशाह या राजा-महाराजा जिस पर खफा होते थे, उसे हाथी के पैरों तले कुचलने का दंड दिया करते थे। आज सेना के पास टैंक और बीजेपी के मुख्यमंत्रियों के पास बुलडोजर है। इससे दुर्जनों में दहशत फैल जाती है। कुछ तो स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने को तैयार हो जाते हैं।'
हमने कहा, 'जब ऐसी बात है तो कमल जैसे सुकोमल फूल वाली पार्टी को अपना चुनाव चिन्ह बदलकर बुलडोजर कर लेना चाहिए।'
लेख- चंद्रमोहन द्विवेदी के द्वारा