9 नवंबर का इतिहास: उत्तराखंड बना भारत का 27वां राज्य, बर्लिन दीवार गिरने समेत कई ऐतिहासिक घटनाएं हुई

History Of 9 November: 9 नवंबर 2000 को उत्तराखंड भारत का 27वां राज्य बना। यह पहले उत्तरांचल कहलाता था। 2007 में इसका नाम उत्तराखंड किया। इस दिन बर्लिन दीवार का गिरने समेत कई ऐतिहासिक घटनाएं दर्ज हैं।
History
बर्लिन की दीवार गिरी (डिजाइन फोटो)
Published on: 
Updated on: 

9 November History: 9 नवंबर की तारीख इतिहास में उत्तराखंड के स्थापना दिवस के तौर पर दर्ज हैं। पृथक उत्तराखंड की मांग को लेकर कई वर्षों तक चले आंदोलन के बाद आखिरकार नौ नवंबर 2000 को उत्तराखंड को सत्ताइसवें राज्य के रूप में भारत गणराज्य में शामिल किया गया।

वर्ष 2000 से 2006 तक इसे उत्तरांचल के नाम से पुकारा जाता था, लेकिन जनवरी 2007 में स्थानीय लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए इसका आधिकारिक नाम बदलकर उत्तराखंड कर दिया गया।

देश दुनिया के इतिहास में 9 नवंबर की तारीख में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-

1236 : रूकनुद्दीन फिरोज शाह को फांसी दी गई।

1270 : महान संत नामदेव का जन्म।

1877 : उर्दू के महान कवि और दार्शनिक मोहम्मद इकबाल का जन्म। वह सियालकोट में पैदा हुए, जो अब पाकिस्तान का हिस्सा है।

1922 : अल्बर्ट आइंस्टाइन को 1921 में भौतिक शास्त्र का नोबेल पुरस्कार देने का फैसला किया गया। नोबेल समिति ने किन्हीं कारणों से 1921 के पुरस्कार के विजेता का चयन 1922 में किया।

1943 : संयुक्त राष्ट्र राहत और पुनर्वास प्रशासन की स्थापना की गई और शुरू में 44 देशों ने इसकी स्थापना पर सहमति जताई।

1947 : जूनागढ़ को भारतीय संघ में शामिल किया गया।

1960 : भारत के पहले एयर चीफ मार्शल सुब्रत मुखर्जी का निधन।

1985 : दुनिया का सबसे चर्चित दंपति, राजकुमार चार्ल्स और राजकुमारी डायना विवाह के बाद अमेरिका पहुंचे, जहां उनका जबर्दस्त स्वागत किया गया।

1989 : तीन दशक तक पश्चिमी और पूर्वी बर्लिन को अलग करने वाली बर्लिन की दीवार को गिरा दिया गया। इसे 1961 में बनाया गया था और इसकी लंबाई बढ़ते बढ़ते 45 किलोमीटर तक पहुंच गई थी।

1989 : ब्रिटेन में मौत की सज़ा पर पूरी तरह से रोक लगाई गई।

1996 : एवेंडर होलीफील्ड ने तकनीकी आधार पर माइक टायसन को हराकर विश्व हैवीवेट मुक्केबाजी का खिताब तीसरी बार जीता।

2000 : उत्तराखंड की स्थापना। लंबे समय से चली आ रही पृथक राज्य की मांग को स्वीकार करते हुए उत्तर प्रदेश के एक हिस्से को नया राज्य बनाया गया।

2023: बिहार विधानसभा ने अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) एवं अति पिछड़ा वर्गों (ईबीसी) एवं अन्य पिछड़ा वर्गों (ओबीसी) के लिए आरक्षण की मौजूदा सीमा 50 फीसदी को बढ़ाकर 65 प्रतिशत करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी।

2024: पाकिस्तान में रेलवे स्टेशन पर विस्फोट में 27 लोगों की मौत, 62 घायल हुए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com