

Highlights:
16 नवंबर 1988 को पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी की जीत के बाद बेनजीर भुट्टो पाकिस्तान की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं।
बेनजीर भुट्टो 1988 और 1993 में पाकिस्तान की प्रधानमंत्री बनीं, लेकिन दोनों बार अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर सकीं।
16 नवंबर 1945 को दुनिया की सांस्कृतिक और शैक्षिक धरोहरों के संरक्षण के लिए यूनेस्को का गठन हुआ।
November 16 History: 16 नवंबर (भाषा) बेनजीर भुट्टो को भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान की कद्दावर सियासी शख्सियत में शुमार किया जाता है। उन्हें एक मुस्लिम देश की पहली महिला प्रधानमंत्री होने का गौरव हासिल है। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि उन्होंने यह पद दो बार संभाला। पहली बार वह 16 नवंबर 1988 को देश की प्रधानमंत्री चुनी गईं, जब उनकी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी ने चुनाव में सफलता हासिल की। दूसरी बार वह 1993 में प्रधानमंत्री बनीं।
हालांकि, दोनों ही बार वह अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाईं। वर्ष 1988 में बेनजीर ने बड़ी जीत हासिल कर सरकार बनाई लेकिन 1990 में राष्ट्रपति ग़ुलाम इसहाक खान ने उनकी सरकार को बर्ख़ास्त कर दिया। इसके बाद 1993 में वह दोबारा प्रधानमंत्री बनीं लेकिन 1996 में भ्रष्टाचार के आरोपों में उनकी सरकार को दोबारा बर्खास्त कर दिया गया। उनका जीवन उतार-चढ़ाव से भरपूर रहा और 27 दिसंबर 2007 को एक बम धमाके में उनकी मौत हो गई।
1713 : बाला जी विश्वनाथ को साहू ने पेशवा नियुक्त किया।
1776 : ब्रिटिश सैनिकों ने अमेरिका की क्रांति के दौरान फोर्ट वाशिंगटन पर कब्जा किया।
1840 : न्यूजीलैंड आधिकारिक तौर पर ब्रिटिश उपनिवेश का हिस्सा बना।
1846: उर्दू के मशहूर शायर अकबर इलाहाबादी का जन्म।
1916 : रूस के ला सतान्या स्थित कारखाने में विस्फोट से 1,000 लोगों की मौत।
1933 : अमेरिका और सोवियत संघ के बीच राजनयिक संबंध स्थापित।
1945 : विश्व भर की सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण करने वाले यूनेस्को का गठन।
1959 : नेशनल एयरलाइंस की उड़ान 967 मेक्सिको की खाड़ी के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें सवार सभी 36 यात्री और चालक दल के छह सदस्यों की मृत्यु हो गई थी। इसी दिन 1959 को तत्कालीन सोवियत संघ (अब यूक्रेन) के ल्वीव शहर के पास एयरोफ्लोट फ्लाइट 315 दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें विमान में सवार सभी 32 यात्री और चालक दल के आठ सदस्य मारे गए थे।
1973 : 'स्काईलैब 4' को तीन अंतरिक्ष यात्रियों के साथ केप केनेवरल से 84 दिन के अभियान पर अंतरिक्ष में भेजा गया।
1988 : पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी ने चुनाव में जीत हासिल की और बेनजीर भुट्टो पाकिस्तान की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं।
1997 : चीन में 18 साल की कैद के बाद लोकतंत्र समर्थक वेई जिंगशेंग को स्वास्थ्य आधार पर जेल से रिहा किया गया।
2021 : नाइजर के बकोरात गांव में बंदूकधारियों के हमले में 25 लोगों की मौत।
2023 : चीन के शांक्सी प्रांत में एक कोयला खदान कंपनी की इमारत में आग लगने से 26 लोगों की मौत, 38 अन्य घायल।
2024 : झांसी के मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में नवजात शिशु वार्ड में आग लगने से 10 बच्चों की मौत।
2025 : कांगो में कोबाल्ट खदान का पुल ढहने से 32 लोगों की मौत।