नवभारत विशेष: 100 नए हवाई अड्डों का लक्ष्य, क्या भारत में हवाई क्रांति की राह आसान है?

Regional Air Connectivity: संशोधित उड़ान योजना के तहत 10 साल में 100 नए एयरपोर्ट बनाने का लक्ष्य है। लेकिन हवाई क्रांति की असली सफलता सस्ते किराए, नियमित उड़ानों और यात्रियों की उपलब्धता से तय होगी।
Regional Air Connectivity
उड़ान योजनाफोटो सोर्स- नवभारत डिजाइन
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • संशोधित उड़ान योजना के तहत अगले 10 वर्षों में 100 नए हवाई अड्डे बनाने और 120 छोटे शहरों को जोड़ने का लक्ष्य है।

  • 2014 में 74 के मुकाबले भारत में अब 166 सक्रिय हवाई अड्डे हैं।

  • कई हवाई अड्डे और उड़ान मार्ग बंद होने से योजना की व्यवहारिकता पर सवाल उठे हैं।

  • हवाई क्रांति की सफलता सस्ते किराए, नियमित यात्रियों और बेहतर सड़क, रेल व पर्यटन सुविधाओं पर निर्भर करेगी।

Affordable Air Travel in India: सरकार 'हवाई चप्पल पहनने वाले आम नागरिक को हवाई यात्रा कराने' के संकल्प को और मजबूत करने पर प्रतिबद्ध है। इसी संदर्भ में केंद्र सरकार 'उड़े देश का आम नागरिक' यानी उड़ान योजना के अपने संशोधित संस्करण में अगले 10 वर्षों में देश में 100 नए हवाई अड्डे विकसित करने जा रही है। मगर हवाई क्रांति की सफलता इस बात से नहीं मापी जाएगी कि कितने हवाई अड्डे बन गए हैं बल्कि इससे तय होगी कि कितने नागरिक नियमित रूप से विमान में बैठने की आर्थिक क्षमता हासिल कर पाए हैं।

सरकार का दावा है कि अगले दशक में 'संशोधित उड़ान' योजना के तहत 28,840 करोड़ रुपये के सार्वजनिक निवेश और 23 राज्यों के साथ हुए नए समझौतों के जरिए 100 हवाई अड्डे और 120 नए व छोटे शहरों को हवाई नक्शे से जोड़ दिया जाएगा। 2014 के 74 हवाई अड्डों की तुलना में आज 166 हवाई अड्डों की सक्रियता के चलते भारत का घरेलू विमानन बाजार दुनिया में तीसरे नंबर पर आ चुका है। क्षेत्रीय हवाई अड्डों के संचालन से तकरीबन दो करोड़ यात्रियों ने यात्रा की तो इससे पर्यटन, स्वास्थ्य सेवाओं, व्यापार और रोजगार के अवसरों तक पहुंच बेहतर हुई। नागरिक उड्डयन क्षेत्र में रोजगार वर्ष 2014 के लगभग 30 लाख से बढ़कर वर्ष 2026 में 77 लाख हो गया।

उड़ान योजना के सामने यात्री जुटाने की चुनौती

इस सफलता के बाद, अब सरकार की यह 'संशोधित उड़ान' योजना अन्य छोटे शहरों को हवाई सेवाओं से जोड़ने, किफायती किराए के जरिए हवाई यात्रा को महानगरों और संपन्न वर्ग की सुविधा से निकालकर छोटे शहरों, कस्बों और दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंचाएगी। क्या मात्र हवाई अड्डे का निर्माण हवाई क्रांति की सफलता की गारंटी है? क्या हवाई अड्डा होने से यात्री भी बढ़ जाएंगे? निरंतर महंगी होती हवाई यात्रा, उसकी गुणवत्ता, किराए तथा आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं पर नियंत्रण का भी कोई उपाय है? 139 हवाई अड्डों, हेलीपोर्ट और वॉटर एयरोड्रोम में से 83 पर सेवाएं शुरू नहीं हुईं या शुरू होकर बंद हो गई।

28 फरवरी 2026 तक उड़ान के 663 परिचालित किए जा चुके मार्गों में से 327 बंद हो चुके थे। इसके कारणों में कम यात्री, विमानों की कमी, रखरखाव, आपूर्ति श्रृंखला की समस्याएं शामिल हैं। क्या सरकार प्रस्तावित नगरों में हवाई अड्डे के साथ औद्योगिक क्षेत्र, पर्यटन सुविधाएं, होटल, स्वास्थ्य संस्थान, लॉजिस्टिक्स केंद्र और बेहतर सड़क तथा रेल संपर्क भी विकसित करेगी? यदि ऐसा न हुआ तो विमान तो उतरेंगे, लेकिन उन्हें भरने वाले यात्री कहां से मिलेंगे? पर्यटन अथवा धार्मिक महत्व के देवघर और अयोध्या जैसे रूट पर उत्सवों, अवसरों सीजन विशेष के अलावा सालभर यात्री मिलें इसकी क्या रणनीति है? भारत में 2024 के दौरान प्रति व्यक्ति औसतन लगभग 0.13 हवाई यात्राएं दर्ज की गई, जबकि अमेरिका में यह संख्या 2.25 और चीन में 0.58 थी।

Regional Air Connectivity
संक्रमण को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, जिले में 3 मरीज

महंगे किराये आम नागरिक की हवाई यात्रा में सबसे बड़ी बाधा

यह अंतर बताता है कि भारत का विमानन बाजार तेजी से बढ़ने के बावजूद अभी सीमित आबादी तक सिमटा हुआ है। इसकी वजह हवाई अड्डों की कमी नहीं, आम नागरिक की आर्थिक क्षमता है। भारत में प्रति व्यक्ति आय बढ़ी मगर आय का वितरण असमान है। महंगाई, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक जरूरतों पर बढ़ता खर्च हवाई यात्रा से उसे दूर करती है। वह इसे आपातकाल, बीमारी, नौकरी के साक्षात्कार, उत्सव, पारिवारिक समारोह या धार्मिक यात्रा जैसे विशेष अवसरों के लिए सुरक्षित रखता है।

इन्हीं अवसरों पर हवाई किराए कई गुना बढ़ जाते हैं। ऐसे में हवाई चप्पल वाला भी हवाई सफर करेगा फिलहाल एक उम्मीद भर है। सच यह है कि हवाई अड्डे के निर्माण से पहले स्वतंत्र आर्थिक और यात्री मांग का आकलन तथा किराये, उड़ानों की अनियमितता, रद्दीकरण और शिकायतों के निस्तारण के लिए स्पष्ट सेवा मानक तय होना जरूरी है। इसके अलावा हवाई सेवा को केवल संपन्न यात्रियों और निजी कंपनियों के कारोबारी हितों तक सीमित होने से रोका जाए।

Regional Air Connectivity
नवभारत विशेष: अमेरिका, चीन और रूस की ऐतिहासिक बैठक, वैश्विक राजनीति में नया अध्याय

एयरपोर्ट की तादाद बढ़ाना पर्याप्त नहीं

छोटे शहरों के गरीब, निम्न मध्यमवर्गीय और ग्रामीण नागरिकों के लिए विशेष रियायती सीटें, सीमित दूरी के लिए किफायती किराए और चिकित्सा तथा शिक्षा संबंधी यात्राओं के लिए लक्षित सहायता उपलब्ध कराना होगा। राज्यों को हवाई अड्डों के आसपास रोजगार और आर्थिक गतिविधियां विकसित करने की जिम्मेदारी उठानी होगी।

लेख- संजय श्रीवास्तव के द्वारा