17 जनवरी का इतिहास : संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् की पहली बैठक, जानिए इतिहास की और भी घटनाएं

Historical Events January 17: आज के इतिहास में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की पहली बैठक से लेकर इसरो के जीसैट-30 प्रक्षेपण तक देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं के बारे में बताया गया है।
Today in History, 17 January
आज का इतिहास (सौ. डिजाइन फोटो)
Updated on

नई दिल्ली: वर्ष के 365 दिन इतिहास की किताब के 365 पन्ने हैं और हर पन्ने में उस तारीख की अच्छी बुरी घटनाएं दर्ज हैं। इस लिहाज से वर्ष का यह 17वां दिन भी कोई अपवाद नहीं है। इस दिन कई महत्त्वपूर्ण घटनाएं घटीं, जो इतिहास का हिस्सा बनीं। दुनिया में शांति और सुरक्षा की संरक्षक मानी जाने वाली सर्वोच्च संस्था संयुक्त राष्ट्र की प्रमुख इकाई सुरक्षा परिषद् की पहली बैठक 17 जनवरी 1946 को हुई और इस दिन को इतिहास का हिस्सा बना गई।   सुरक्षा परिषद् संयुक्त राष्ट्र के छह प्रमुख अंगों में से एक है। विश्व में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सुरक्षा परिषद् के पास अहम कदम उठाने और दण्ड देने के अधिकार हैं।

संयुक्त राष्ट्र के नए सदस्य बनाने का अधिकार भी इसी को है। साल 2020 में आज ही के दिन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी से एरियन-5 प्रक्षेपण यान के माध्यम से संचार उपग्रह जीसैट-30 प्रक्षेपित कर किया। यह प्रक्षेपण भारतीय समयानुसार 2 बजकर 35 मिनट पर किया गया। यह इसरो का साल 2020 का पहला मिशन था। प्रक्षेपण के लगभग 38 मिनट 25 सेकंड बाद सैटेलाइट कक्षा में स्थापित हो गया।

देश-दुनिया के इतिहास में 17 जनवरी की तारीख पर दर्ज कुछ अन्य महत्त्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:- 

1601 : मुग़ल बादशाह अकबर ने असीरगढ़ के अभेद्य किले में प्रवेश किया।

1917 : दक्षिण भारतीय सिनेमा के प्रसिद्ध अभिनेता तथा बाद में सक्रिय राजनीति में आकर सफलता हासिल करने वाले एम जी रामचन्द्रन का जन्म।

1923 : हिन्दी साहित्यकार रांगेय राघव का जन्म।

1941 : सुभाष चन्द्र बोस ब्रिटिश हुकूमत को गच्चा देकर कलकत्ता से जर्मनी के लिए रवाना हुए।

1945 : हिन्दी फ़िल्मों के गीतकार एवं पटकथा लेखक जावेद अख़्तर का जन्म।

1946 : संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् की पहली बैठक ।

1948 : नीदरलैंड तथा इंडोनेशिया संघर्ष विराम पर सहमत।

1987 : टाटा फुटबॉल अकादमी की शुरूआत।

1989 : कर्नल जे के बजाज उत्तरी ध्रुव पर पहुंचने वाले पहले भारतीय बने।

1995 : जापान में 7.2 तीव्रता के भूकंप में 5,372 लोगों की मौत।

2010 : भारत के प्रसिद्ध मार्क्सवादी राजनीतिज्ञ ज्योति बसु का निधन।

2010 : भारत के उच्चतम न्यायालय ने ग़ैरक़ानूनी तरीक़े से हमला किए जाने की स्थिति में आत्मरक्षा के अधिकार के 10 सूत्री निर्देश तय किए।

2013 : इराक में सिलसिलेवार बम धमाकों में 33 लोग मारे गये।

2014 : प्रख्यात अभिनेत्री सुचित्रा सेन का निधन ।

2023 : पाकिस्तान से संबद्ध 150 आतंकवादी संगठनों, व्यक्तियों का नाम संयुक्त राष्ट्र ने काली सूची में डाला।

2024 : थाईलैंड की पटाखा फैक्टरी में धमाके से 23 लोगों की मौत।

2025: मानव परिवहन वाहन के सबसे शुरुआती साक्ष्य न्यू मैक्सिको सफेद रेत के मैदान में मिले। करीब 22 हजार साल पहले माल से लदे और घसीटे गए लकड़ी के लंबे टुकड़े मिले।

भाषा एजेंसी के द्वारा

Navbharat Live
navbharatlive.com