21 नवंबर का इतिहास: स्वतंत्र भारत का पहला डाक टिकट ‘जय हिंद' जारी

Historical Events of 21 November: स्वतंत्र भारत की सरकार ने ‘जय हिंद' के नाम से अपना पहला डाक टिकट जारी किया, जिसकी कीमत साढ़े तीन आना तय की गई।
21 नवंबर का इतिहास
21 नवंबर का इतिहास (सौ. डिजाइन फोटो)
Published on
Updated on

नई दिल्ली: देश को 15 अगस्त 1947 को आजादी मिलने के बाद स्वतंत्र भारत की सरकार ने अपना पहला डाक टिकट जारी किया, जिसकी कीमत साढ़े तीन आना तय की गई। ‘जय हिंद' के नाम से जारी इस डाक टिकट पर बीचो बीच लहराते हुए तिरंगे की तस्वीर अंकित थी, जबकि बाईं ओर अंग्रेजी में इसकी कीमत यानी साढ़े तीन आना अंकित था। तिरंगे के ठीक नीचे ‘इंडिया' लिखा था और तिरंगे के बगल में 15 अगस्त 1947 अंकित था। यह डाक टिकट कहने को नीले रंग का एक कागज का छोटा सा टुकड़ा था, लेकिन दरअसल यह इतिहास के पन्नों पर स्वतंत्र भारत का पहला हस्ताक्षर था, जो सारी दुनिया के सामने भारत की आजादी की विजयगाथा का जयघोष कर रहा था।

देश-दुनिया के इतिहास में 21 नवंबर की तारीख पर दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1517 : दिल्ली के शासक सिकंदर लोधी द्वितीय का निधन।

1872 : कवि और स्वतंत्रता सेनानी केसरी सिंह बारहट का जन्म।

1921 : प्रिंस ऑफ वेल्स (जो बाद में किंग एडवर्ड अष्टम कहलाए) बम्बई पहुंचे और इंडियन नेशनल कांग्रेस ने देशभर में हड़ताल की।

1941 : गुजरात की पहली महिला मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल का जन्म।

1947 : स्वतंत्रता के बाद साढे तीन आने कीमत का प्रथम भारतीय डाक टिकट ‘जय हिन्द' जारी किया गया।

1962 : भारत-चीन सीमा विवाद में चीन ने संघर्षविराम की घोषणा की।

1963 : केरल के थुंबा क्षेत्र से पहला रॉकेट छोड़े जाने के साथ ही भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम की शुरुआत।

1970 : भारतीय भौतिक विज्ञानी सी वी रमन का निधन।

2005 : रत्नासिरी विक्रमनायके दूसरी बार श्रीलंका के प्रधानमंत्री बने।

2019 : महिन्दा राजपक्षे ने तीसरी बार श्रीलंका के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली।

2019 : स्वीडन की 17 साल की पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग जलवायु परिवर्तन के खिलाफ संघर्ष के लिए अंतरराष्ट्रीय बाल शांति पुरस्कार से सम्मानित।

2021: मशहूर पंजाबी गायिका गुरमीत बावा का 77 साल की उम्र में निधन।

2021: भारत के पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी सुकांत कदम ने युगांडा बैडमिंटन अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीता, जबकि प्रमोद भगत के नाम तीन रजत पदक रहे।

2023: भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर में कुपवाड़ा जिले के तिथवाल इलाके में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास 104 फुट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज स्थापित किया।

2024: पाकिस्तान के खैबर-पख्तूनख्वा में हुए आतंकवादी हमले में 50 लोगों की मौत।

भाषा एजेंसी के द्वारा

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com