24 अक्टूबर का इतिहास : संयुक्त राष्ट्र की हुई थी स्थापना, कला की दुनिया में भी है बड़ा दिन

Historical Events of 24 October: आज ही के दिन 1945 में संयुक्त राष्ट्र स्थापना हुई थी। वहीं 2020 में पाब्लो पिकासो की 11 कलाकृतियां 10.9 करोड़ डॉलर में बिकी। आइए जानते है आज का इतिहास...
History of 24 october
संयुक्त राष्ट्र (डिजाइन फोटो)
Published on: 
Updated on: 

History Of 24 October: आज ही के दिन द्वितीय विश्व युद्ध के बाद दुनिया के बहुत से देशों ने शांति और सद्भावना कायम करने के लिए एक संगठन की स्थापना का विचार रखा और इस दिशा में समन्वित प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र की स्थापना का विचार मूर्त रूप ले पाया।  संयुक्त राष्ट्र घोषणापत्र तैयार किया गया और इसे 24 अक्टूबर 1945 को लागू किया गया। इस तरह 24 अक्टूबर को प्रतिवर्ष ‘संयुक्त राष्ट्र दिवस' के रूप में मनाया जाता है।

24 अक्टूबर 2020 को मशहूर चित्रकार पाब्लो पिकासो के 140वें जन्मदिन के मौके पर लास वेगास में हुई एक नीलामी में उनकी 11 कलाकृतियां संयुक्त रूप से 10 करोड़ 90 लाख डॉलर में बिकी हैं। 9 पेंटिंग और दो सेरामिक की कृतियां बेलाजियो गैलरी ऑफ फाइन आर्ट में पिकासो रेस्तरां में दो दशक से अधिक समय तक प्रदर्शित की गई थीं। इसके बाद मालिक एमजीएम रिसॉर्ट्स ने इस साल की शुरुआत में इन्हें बेचने का फैसला किया।

नीलामी कंपनी सोथबीज द्वारा आयोजित की गई और कंपनी ने पहली बार अपने न्यूयॉर्क बिक्रीकक्ष से बाहर उत्तरी अमेरिका में नीलामी का आयोजन किया, जिसमें पिकासो की 1917 से 1969 तक की कलाकृतियां शामिल रहीं।

पिकासो का जन्म 1881 में हुआ था और वह 1973 तक जीवित रहे। उन्होंने अपना अधिकांश जीवन फ्रांस में बिताया। कहा जाता है कि एक कलाकार के रूप में 70 से अधिक वर्षों के दौरान पिकासो ने 13,000 से अधिक पेंटिंग बनाईं।

देश-दुनिया के इतिहास में 24 अक्टूबर की तारीख में दर्ज कुछ प्रमुख घटनाएं इस प्रकार हैं:-
  • 1605 : अकबर के निधन के बाद शहजादे सलीम ने मुगल सल्तनत की बागडोर संभाली। इतिहास में उन्हें जहांगीर के नाम से जाना जाता है।
  • 1775 : भारत के आखिरी मुगल शासक बहादुर शाह जफर का जन्म।
  • 1851 : कलकत्ता (अब कोलकाता) और डायमंड हार्बर के बीच पहली आधिकारिक टेलीग्राफ लाइन की शुरुआत।
  • 1914 : महान स्वतंत्रता सेनानी लक्ष्मी सहगल का जन्म।
  • 1921 : देश के सबसे चर्चित और सम्मानित कार्टूनिस्ट आर के लक्ष्मण का जन्म। ‘‘कॉमन मैन'' के जरिए देश के ज्वलंत मुद्दों को लकीरों ही लकीरों में बेहद व्यंग्यात्मक शैली में पेश करने में लक्ष्मण को महारत हासिल थी।
  • 1945: संयुक्त राष्ट्र की स्थापना।
  • 1954 : महान स्वतंत्रता सेनानी और राजनीतिज्ञ रफी अहमद किदवई का निधन।
  • 1984 : भारत की पहली मेट्रो रेल सेवा की शुरुआत। पहली मेट्रो कलकत्ता (कोलकाता) में चलाई गई और बाद में यह राजधानी दिल्ली सहित देश के अन्य शहरों में परिवहन के एक प्रमुख साधन के तौर पर सामने आई।
  • 1997 : केरल में शिक्षण संस्थाओं में रैगिंग पर रोक लगाई गई। बाद में शैक्षणिक संस्थानों में फैली इस बुराई पर देशभर में रोक लगाई गई और इसके खिलाफ बाकायदा अभियान चलाया गया।
  • 2000 : भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सीताराम केसरी का निधन।
  • 2003 : ब्रिटेन ने सुपरसोनिक यात्री विमानों को विदाई दी। इस श्रेणी के अंतिम विमान ने हीथ्रो हवाई अड्डे से उड़ान भरी।
  • 2004 : ब्राजील ने अंतरिक्ष में पहला सफल रॉकेट परीक्षण किया।
  • 2013 : सुप्रसिद्ध भारतीय पार्श्व गायक मन्ना डे का निधन।
  • 2017 : प्रसिद्ध ठुमरी गायिका गिरिजा देवी का निधन।
  • 2020 : भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के 53,370 नए मामले सामने आए।
  • 2022 : म्यामां में जातीय समूह के समारोह के दौरान सेना के हवाई हमलों में 80 लोगों की मौत।
  • 2023 : पश्चिमी कांगो में नौका में आग लगने से 16 लोगों की मौत।
  • 2024 : फिलिपीन में उष्णकटिबंधीय तूफान के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन की घटना में 23 लोगों की मौत।
-एजेंसी इनपुट के साथ
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com