24 सितंबर का इतिहास : अंतरिक्ष अभियान के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि का दिन

History Events of 24 September: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) मंगल ग्रह की कक्षा में सफलतापूर्वक अंतरिक्ष यान (मंगल यान) भेजने वाली विश्व की चौथी अंतरिक्ष एजेंसी बना।
24 सितंबर के इतिहास की घटनाएं
24 सितंबर का इतिहास (सौ. डिजाइन फोटो)
Published on: 
Updated on: 

नई दिल्ली: अंतरिक्ष के क्षेत्र में 24 सितंबर की तारीख भारत की एक अहम उपलब्धि के साथ इतिहास के पन्नों में दर्ज है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) मंगल ग्रह की कक्षा में सफलतापूर्वक अंतरिक्ष यान (मंगल यान) भेजने वाली विश्व की चौथी अंतरिक्ष एजेंसी बना। एशिया के दो दिग्गज चीन और जापान को भारत ने पीछे छोड़ दिया, क्योंकि यह दोनों देश अपने पहले मंगल अभियान में सफल नहीं हो पाए थे। यद्यपि भारतीय मिशन का निर्धारित जीवनकाल छह महीने था और मार्स ऑर्बिटर मिशन (एमओएम) ने 24 सितंबर, 2021 को अपनी कक्षा में सात वर्ष पूरे कर लिए। मंगल ग्रह के लिए भारत का पहला अंतरग्रहीय मिशन एमओएम पांच नवंबर, 2013 को पीएसएलवी-सी25 के माध्यम से प्रक्षेपित किया गया था।

24 सितंबर 2022 को भारत की महान गेंदबाज झूलन गोस्वामी ने इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी वनडे मैच खेला और क्रिकेट को अलविदा कह दिया। भारत ने कम स्कोर वाले रोमांचक तीसरे और अंतिम इस एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में इंग्लैंड को 16 रन से हराकर पहली बार मेजबान टीम का उसकी सरजमीं पर सूपड़ा साफ किया। पश्चिम बंगाल के चकदा कस्बे की रहने वाली, 39 वर्षीय अनुभवी तेज गेंदबाज झूलन का यह अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैच था। इंग्लैंड के खिलाफ ही चेन्नई में छह जनवरी 2002 को जीत के साथ अंतरराष्ट्रीय पदार्पण करने वाली झूलन के लिए यह श्रृंखला यादगार रही।

देश-दुनिया के इतिहास में 24 सितंबर की तारीख पर दर्ज कुछ महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-  

1726 : ईस्ट इंडिया कंपनी को बम्बई, कलकत्ता और मद्रास में नगर निगम और महापौर की अदालत स्थापित करने का अधिकार दिया गया।

1859 : ढुंडू पंत ऊर्फ नाना साहेब का निधन। उनका नाम सिपाही विद्रोह में अग्रणी भूमिका निभाने वाले वीर के रूप में इतिहास में दर्ज है।

1861 : भारत के स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली मैडम भीखाजी रुस्तम कामा का जन्म।

1971: रूस के 90 राजनयिकों को जासूसी के आरोप में ब्रिटेन से निकाला गया।

1983 : पाकिस्तान के मशहूर क्रिकेटर हाफिज मोहम्मद के पुत्र शोएब मोहम्मद ने भारत के खिलाफ अपने टेस्ट करियर की शुरूआत की।

1990 : पूर्वी जर्मनी वारसा संधि से हटा।

2004 : हैती में तूफान के बाद आई बाढ़ में कम से कम 1,070 लोग मारे गए।

2006 : पाकिस्तानी राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने भारत के प्रधानमंत्री डा।मनमोहन सिंह को वार्ता का निमंत्रण दिया।

2009 : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने भारतीय उपग्रह ओशन सैट-2 समेत सात उपग्रह कक्षा में स्थापित किए।

2014 : भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी इसरो मंगल ग्रह की कक्षा में सफलतापूर्वक अंतरिक्ष यान (मंगल यान) भेजने वाली विश्व की चौथी अंतरिक्ष एजेंसी बनी।

2020 : नेपाल में भूस्खलन से 12 व्यक्तियों की मौत।

2022 : लेबनान में नौका डूबने से 94 लोगों की मौत।

2023 : बेनिन की राजधानी पोर्टो नोवो के दक्षिण में स्थित एक व्यावसायिक इमारत में आग लगने से 35 लोगों की मौत।

2024 : ईरान की कोयला खदान में विस्फोट के बाद फंसे सभी श्रमिकों की मौत, कुल 49 लोगों की जान गई।

भाषा एजेंसी के द्वारा

Navbharat Live
navbharatlive.com