

JD Vance India Pakistan: पड़ोसी ने हमसे कहा, 'निशानेबाज, अमेरिका में सिर्फ प्रेसीडेंट ट्रंप ही सनकी नहीं हैं। वाइस प्रेसीडेंट जेडी वैन्स भी उनसे कम नहीं हैं। वैन्स ने कहा कि मेरी जिंदगी में 2 व्यक्ति बेहद महत्वपूर्ण हैं एक तो मेरी भारतीय पत्नी उषा वैन्स और दूसरे पाकिस्तानी फील्ड मार्शल आसिम मुनीर। ऐसा कहकर उन्होंने भारत और पाकिस्तान के प्रति संतुलन बनाने की बेढब कोशिश की।'
हमने कहा, 'उषा वैन्स अब भी हिंदू धर्म मानती हैं और अपने पति के बार-बार मनाने पर भी उन्होंने कैथोलिक ईसाई धर्म अपनाने से साफ इनकार कर दिया। अब वह जेडी वैन्स के चौथे बच्चे की मां बनने वाली हैं। आगे चलकर उसकी संतानों को तय करना होगा कि मां के समान हिंदू धर्म मानें या पिता की तरह क्रिश्चियन बनें।'
पड़ोसी ने कहा, 'निशानेबाज, अमेरिका की खुफिया एजेंसी प्रमुख या एफबीआई चीफ तुलसी गबार्ड भी स्वघोषित हिंदू हैं। अमेरिका में लाखों भारतीय रहते हैं जिन्होंने वहां शानदार मंदिर बनवा रखे हैं। न्यू जर्सी में दुर्गा मंदिर, गायत्री मंदिर, बालाजी मंदिर और स्वामीनारायण मंदिर हैं। फिलहाल अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैन्स की बात हो रही है, जिन्होंने अपनी जिंदगी के 2 प्रमुख व्यक्तियों के नाम लिए हैं। यदि वैन्स को हिंदी आती तो वह अपनी भारतीय पत्नी को देखकर गा सकते थे- मेरी जिंदगी में आए हो तुम बहार बन के, यूं ही साथ-साथ रहना तुम यार प्यार बन के।
जब इजराइल-ईरान का तनाव उनके दिमाग पर बोझ डाले तो उन्हें यह गीत सुनना चाहिए- जिंदगी कैसी है पहेली हाय, कभी ये हंसाए, कभी ये रुलाए! 4 वर्षों से जारी रूस-यूक्रेन युद्ध को देखकर वैन्स यह गीत सुन सकते हैं- जिंदगी क्या है, गम का दरिया है, ना जीना यहां बस में, ना मरना यहां बस में, अजब दुनिया है। यदि वह अपनी जिंदगी से तंग आ जाएं तो वह गुनगुना सकते हैं-जिंदगी देने वाले सुन, तेरी दुनिया से दिल भर गया, मैं यहां जीते-जी मर गया!'
हमने कहा, 'नकारात्मक बातें मत कीजिए क्योंकि जिंदगी जिंदादिली का नाम है, मुर्दादिल क्या खाक जिया करते हैं। वैन्स का साथ उनकी जीवनसंगिनी उषा ही निभाएंगी। फील्ड मार्शल मुनीर तो कभी भी उछलकर चीन की गोद में बैठ जाएंगे।'
लेख- चंद्रमोहन द्विवेदी के द्वारा