नवभारत संपादकीय: बांग्लादेश में अल-कायदा की वापसी और चीन-पाक तिकड़ी, क्या संकट में है भारत की सुरक्षा?

India-Bangladesh Relations: बांग्लादेश में बढ़ती कट्टरपंथ, जमात-ए-इस्लामी का दबदबा और चीन-पाकिस्तान की सांठगांठ भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बन रही है। पढ़ें विस्तृत विश्लेषण।
India-Bangladesh Relations
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान व भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीडिजाइन फोटो
Published on
Updated on

India-Bangladesh Diplomacy: भारत के तमाम प्रयासों के बावजूद बांग्लादेश से रिश्ते सामान्य नहीं हो पा रहे हैं। संबंधों में सुधार इसलिए जरूरी है क्योंकि भारत की 4096 किलोमीटर सीमा बांग्लादेश से लगी है। चिंता इस बात की है कि वहां अब भारत विरोधी ताकतों व आतंकियों को खुली छूट दी जा रही है। उन्हें जेल से रिहा किया जा चुका है।

अल-कायदा की वापसी और कट्टरपंथी ताकतों को पनाह

संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के अनुसार बांग्लादेश में अल-कायदा पुनर्गठित किया जा रहा है तथा इस्लामी कट्टरपंथी संगठित हो रहे हैं जिन्हें शेख हसीना ने नियंत्रित कर रखा था। पाकिस्तान ऐसे तत्वों को भारत के खिलाफ इस्तेमाल कर सकता है। पाकिस्तान की नीति भारत को नुकसान पहुंचाने की है। वह बांग्लादेश और चीन के साथ तिकड़ी बनाने की फिराक में है। बांग्लादेश को 80 प्रतिशत हथियारों की सप्लाई चीन से होती है। चीन भी बंगाल की खाड़ी तक अपने लिए गलियारा बनाना चाहता है।

चीन का प्रभाव और चिकन नेक पर मंडराता खतरा

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने तो चीन को भारत के पूर्वोत्तर राज्यों से आकर अपने बंदरगाह इस्तेमाल करने का ऑफर तक दिया था। इसके बाद भारत ने चीन व बांग्लादेश की सीमा से लगे चिकन नेक पर अपनी सुरक्षा काफी मजबूत कर दी। बांग्लादेश की ऐसी हरकतों के बावजूद भारत उसे ईंधन और बिजली की सप्लाई कर रहा है। ऐसी 54 नदियां हैं जो भारत व बांग्लादेश को जोड़ती हैं।

ऊर्जा-जल कूटनीति और दोतरफा गतिरोध

पश्चिम बंगाल की आपत्ति की वजह से बांग्लादेश के साथ तीस्ता नदी पानी समझौता नहीं हो सका। बांग्लादेश के साथ गंगा जल संधि इस वर्ष दिसंबर में समाप्त होने वाली है। इस संधि के नूतनीकरण के दौरान बांग्लादेश भारत से और अधिक पानी की मांग कर सकता है जिसे स्वीकार करना हमारे लिए कठिन है क्योंकि भारत में भी पानी की मांग बढ़ रही है। ग्लेशियर सिकुड़ने से जल प्रवाह भी घट गया है।

भारत-बांग्लादेश के बीच सबसे बड़ा मुद्दा शेख हसीना को शरण

भारत-बांग्लादेश के बीच तनाव का बड़ा मुद्दा यह भी है कि भारत ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को शरण दे रखी है और उन्हें वापस नहीं सौंप रहा है। जमात-ए-इस्लामी के लोग शेख हसीना की हत्या करना चाहते हैं। उन्हें वहां जाने पर सरकार फांसी या उम्रकैद की सजा दे सकती है। यदि इतने पर भी शेख हसीना स्वदेश जाना चाहें तो भारत उन्हें रोकेगा नहीं। बांग्लादेश में कोई भी सरकार हो, भारत उससे कूटनीतिक संबंध कायम रखता है। वहां आई सैनिक तानाशाही सरकार, कामचलाऊ सरकार या निर्वाचित सरकार सभी से भारत के सामान्य संबंध रहे हैं।

India-Bangladesh Relations
नवभारत विशेष: Su-57, अकुला पनडुब्बी से वोरोनिश रडार तक, भारत-रूस रक्षा सौदे के प्रस्ताव पर हमारी शर्तें

बांग्लादेश का आर्थिक संकट और भावी राह

बांग्लादेश के लाखों लोग इलाज करवाने भारत आते हैं। उम्मीद थी कि दिल्ली में हुए ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान आएंगे लेकिन कट्टरपंथियों या भारत विरोधी लॉबी ने उन्हें दिल्ली जाने से रोक दिया। बांग्लादेश की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। वह बिजली, ईंधन और रसोई गैस की भारी कमी से जूझ रहा है। जूट तथा वस्त्रों का निर्यात ही उनकी आय का एकमात्र साधन रह गया है।

लेख- चंद्रमोहन द्विवेदी के द्वारा

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com