7 अप्रैल का इतिहास :WHO की स्थापना से कोहली के 13,000 रन तक, इतिहास में दर्ज बड़ी घटनाएं

World Health Day: 7 अप्रैल का दिन इतिहास में खास महत्व रखता है। 1948 में इसी दिन विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की स्थापना हुई, जिसे आज विश्व स्वास्थ्य दिवस के रूप में मनाया जाता है। 
April 7th in History: From the Founding of the WHO to Kohli's 13,000 Runs—Major Events Recorded in History
WHO Formation Kohli 13000 Runs( Source: Social Media )
Published on
Updated on

WHO Formation Kohli 13000 Runs: इतिहास की कई बड़ी घटनाएं सात अप्रैल की तारीख में दर्ज हैं। इनमें कुछ ऐसी घटनाएं भी हैं, जो दुनिया को मौजूदा सूरत देने में मददगार हैं। ऐसी ही एक घटना सात अप्रैल 1948 की है, जब संयुक्त राष्ट्र ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की स्थापना की।

डब्ल्यूएचओ विश्व के देशों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए आपसी सहयोग एवं मानक विकसित करने का दायित्व निभाता है। डब्ल्यूएचओ का मुख्यालय स्विट्जरलैंड के जेनेवा शहर में है। इस दिन को दुनिया भर में विश्व स्वास्थ्य दिवस के रूप में मनाया जाता है।

सात अप्रैल 2025 को विराट कोहली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच इंडियन प्रीमियर लीग के मुंबई में हुए मुकाबले के दौरान टी20 क्रिकेट में 13,000 रन पूरे करने वाले पहले भारतीय बन गए।

दाएं हाथ के इस महान बल्लेबाज ने अपने करियर में 400 से अधिक मैचों में यह उपलब्धि हासिल की और खेल के सबसे छोटे प्रारूप में 13,000 रन बनाने वाले दुनिया के पांचवें बल्लेबाज बन गए।

देश दुनिया के इतिहास में सात अप्रैल की तारीख पर दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-

1818 : ब्रिटिश सरकार ने बिना मुकदमे के लोगों को निर्वासित करने और हिरासत में रखने वाला कानून 'बंगाल स्टेट प्रिजनर्स रेगुलेशन एक्ट' पेश किया। यह कानून देश की आजादी तक प्रभावी रहा।

1919 : बाबेरियन सोवियत गणराज्य की स्थापना।

1920 : भारत के प्रसिद्ध सितार वादक पंडित रवि शंकर का जन्म।

1929 : पहली वाणिज्यिक उड़ान भारत पहुंची, जब ब्रिटेन के इंपीरियल एयरवेज की लंदन-काहिरा सेवा को कराची तक बढ़ाया गया।

1946 : फ्रांस से सीरिया की आजादी का अनुमोदन।

1948 : संयुक्त राष्ट्र द्वारा विश्व स्वास्थ्य संगठन का गठन।

1955 : विंस्टन चर्चिल ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दिया।

1978 : अमेरिका के राष्ट्रपति जिमी कार्टर ने न्यूट्रॉन बम बनाने पर रोक लगाई।

2010 : पटना की एक विशेष अदालत ने बिहार में एक दिसंबर 1997 को अरवल जिले के लक्ष्मणपुर और बाथे गांवों में 58 दलितों की हत्या के मामले में 16 दोषियों को फांसी और 10 को उम्र क़ैद की सज़ा सुनाई।

2018 : सीरिया में विद्रोहियों के कब्जे वाले डूमा शहर में हवाई हमले में आठ नागरिकों की मौत।

2021 : पूर्वी इंडोनेशिया में भूस्खलन, बाढ़ की घटनाओं में 140 लोगों की मौत, दर्जनों लापता।

2022 : ''मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी'' और ''आंखों में बस हो तुम''जैसे लोकप्रिय गीत लिखने वाली वयोवृद्ध गीतकार और कवि माया गोविंद का मुंबई में 82 साल की उम्र में निधन।

2023 : उत्तरी-मध्य नाइजीरिया के उमोगिदी गांव में बंदूकधारियों ने दो हमलों में 50 लोगों की हत्या की।

2025 : विराट कोहली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच इंडियन प्रीमियर लीग के मुंबई में हुए मुकाबले के दौरान टी20 क्रिकेट में 13,000 रन पूरे करने वाले पहले भारतीय बन गए। दाएं हाथ के इस महान बल्लेबाज ने अपने करियर में 400 से अधिक मैचों में यह उपलब्धि हासिल की और खेल के सबसे छोटे प्रारूप में 13,000 रन बनाने वाले दुनिया के पांचवें बल्लेबाज बन गए।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com