20 जनवरी का इतिहास : पहली बार सिनेमेटोग्राफर को मिला दादासाहब फाल्के पुरस्कार

20 January History: वर्ष 2008 में वी के मूर्ति को दादासाहब फाल्के पुरस्कार देकर इतिहास रचा गया। पहली बार किसी सिनेमेटोग्राफर को भारतीय सिनेमा का सर्वोच्च सम्मान मिला।
January 20th in history: A cinematographer received the Dadasaheb Phalke Award for the first time.
प्रतीकात्मक तस्वीर ( सोर्स: सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

नई दिल्ली: फिल्म निर्माण में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को पुरस्कृत करने के लिए वर्ष 1969 में दादासाहब फाल्के पुरस्कार की स्थापना की गई और फिल्मी दुनिया के महान सिनेमेटोग्राफर वी के मूर्ति को वर्ष 2008 का दादा साहब फाल्के पुरकार दिया गया। यह पहला मौका था जब किसी सिनेमेटोग्राफर को फिल्मी दुनिया के इस शीर्ष सम्मान से सम्मानित किया गया।

वर्ष 1957 से 1962 के बीच गुरुदत्त की बेहतरीन श्वेत श्याम फ़िल्मों 'चौदहवीं का चांद', 'कागज के फूल' एवं 'साहब बीवी और ग़ुलाम' को फ़िल्माने वाले सिनेमेटोग्राफर वी के मूर्ति को वर्ष 2008 के प्रतिष्ठित दादासाहब फाल्के पुरस्कार के लिए चुना गया और उन्हें 20 जनवरी 2010 को यह पुरस्कार प्रदान किया गया। एक सिनेमेटोग्राफर को फिल्म जगत का यह सर्वोच्च सम्मान हासिल करने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।

देश दुनिया के इतिहास में 20 जनवरी की तारीख पर दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1817 : कलकत्ता हिंदू कॉलेज की स्थापना। मौजूदा समय में यह प्रेसिडेंसी कॉलेज के नाम से विख्यात है।

1957 : प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र, ट्रांबे (बंबई) में स्थापित देश के पहले परमाणु रिएक्टर अप्सरा का उद्घाटन किया।

1961 : अमेरिका के राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी ने ऐतिहासिक भाषण दिया, जिसमें उन्होंने देशवासियों से कहा, ‘‘यह मत पूछिए कि आपका देश आपके लिए क्या कर सकता है, बल्कि यह सोचिए कि आप अपने देश के लिए क्या कर सकते हैं।''

1972 : अरुणाचल प्रदेश, जो पहले नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर एजेंसी (नेफा) था, केन्द्र शासित क्षेत्र बना और मेघालय को राज्य का दर्जा दिया गया।

1981 : ईरान में बंधक संकट समाप्त। अयातुल्लाह खुमैनी ने 15 महीने से बंधक बनाए गए 52 अमेरिकियों को रिहा कर दिया।

1988 : स्वतंत्रता सेनानी भारत रत्न ख़ान अब्दुल गफ़्फ़ार ख़ान का निधन।

2009 : बराक ओबामा अमेरिका के 44वें राष्ट्रपति बने। वह यह पद ग्रहण करने वाले अफ्रीकी मूल के पहले अमेरिकी थे।

2018 : दृष्टिहीनों के बीच खेले जाने वाले क्रिकेट विश्व कप में भारत ने लगातार दूसरी बार खिताबी जीत हासिल की।

2021: भारतीय मूल की कमला हैरिस अमेरिका की पहली महिला उपराष्ट्रपति बनीं।

2022: भारत ने नवीनतम प्रौद्योगिकी से लैस नयी ब्रह्मोस मिसाइल का सफल परीक्षण किया।

2023: भारत ने 2.9 अरब डॉलर के आईएमएफ पैकेज के लिए श्रीलंका के प्रयास का समर्थन किया।

2025: डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली।

भाषा एजेंसी के द्वारा

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com