

Highlights:
बांग्लादेशी अखबार 'प्रथम आलो' के मुताबिक, 150 से अधिक चीनी व्लॉगर्स ढाका की गरीब बस्तियों के वीडियो बनाकर उन्हें दिल्ली की गरीबी बताकर पेश कर रहे हैं।
इन वीडियो के जरिए भारत की छवि खराब करने की कोशिश किए जाने का आरोप है।
लेख में सवाल उठाया गया है कि यह गतिविधि व्यूज बढ़ाने के लिए है या भारत के खिलाफ सुनियोजित अभियान का हिस्सा।
अंतरराष्ट्रीय वित्तीय एजेंसियों ने हाल के वर्षों में भारत में गरीबी उन्मूलन की प्रगति को भी उजागर किया है।
Chinese Vloggers India Image Campaign: क्या किसी दूसरे देश की गरीबी को अपने प्रतिद्वंदी देश की गरीबी बताकर पेश करना पत्रकारिता या सोशल मीडिया की आजादी है? यह साजिशन की जाने वाली ऐसी घटिया हरकत है, जो इन दिनों चीन के 150 से ज्यादा ब्लॉगर्स भारत को लेकर कर रहे हैं। बांग्लादेश के एक प्रमुख अखबार 'प्रथम आलो' के मुताबिक 150 से ज्यादा चीनी व्लॉगर्स इन दिनों ढाका के बेहद गरीब इंडस्ट्रियल इलाके में सक्रिय हैं। ये उत्तरा के सेक्टर-12 और टेकपारा इलाके की गरीब बस्तियों में सुबह से ही घूम-घूमकर लाइव स्ट्रीमिंग करते हैं और अपने कैमरे तथा माइक के साथ ब्राडकॉस्ट करना शुरू कर देते हैं, जो कई बार देर शाम तक जारी रहता है।
ये लोग स्थानीय गरीब लोगों की जिंदगी की मुश्किलों को फिल्माते हैं और उन्हें भारत की राजधानी दिल्ली की गरीबी व बदहाली बताते हुए कमेंट्री करते हैं। आखिर ये स्ट्रीमर्स यह अभियान क्यों चला रहे हैं? क्या ये सिर्फ अपने व्यूवर बढ़ाने की कोशिश में ऐसा कर रहे हैं या फिर ये चीन सरकार के इशारे पर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए ऐसा कर रहे हैं? हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष और कुछ दूसरी वित्तीय एजेंसियों ने भारत में पिछले डेढ़ दशक के दौरान हुई गरीबी उन्मूलन की कामयाबी को दुनिया के सामने उजागर किया है।
कहीं चीन इससे चिढ़कर भारत की ऐसी छवि तो नहीं बनाना चाहता कि भारत में बहुत ही ज्यादा गरीबी और बदहाली है। चाय की दुकानों और बदहाल बस्तियों को कैमरे में उतारकर ये व्लॉगर अपने चीनी दर्शकों को कमेंट्री करते हुए बताते हैं कि देखो यह दिल्ली है। एक महिला व्लॉगर ने अपनी कमेंट्री में कहा, 'देखो भारतीय लोग कितने गंदे और पिछड़े हैं।' एक दूसरे व्लॉगर ने अपनी कमेंट्री में कहा कि ये लोग गाय के मूत्र और गंदे पानी से बनी चाय पीते हैं। इसमें कोई दो राय नहीं है कि भारत में करोड़ों लोग गरीब हैं, झुग्गियों में रहते हैं, बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं, लेकिन इसके लिए ढाका की बस्ती को दिल्ली बताना कोई पत्रकारिता नहीं बल्कि गहरी साजिश है। दरअसल ये भारत की काली तस्वीर गढ़ना है, ताकि चीन
के लोग यह मानते रहें कि भारत आज भी गरीबों और सपेरों का देश है। चीन को भारत की प्रगति रास नहीं आ रही। इसी कारण वह भारत की नकारात्मक तस्वीर गढ़ने की कोशिश कर रहा है। भारत के विदेश मंत्रालय ने बांग्लादेश से इन ब्लॉगर्स के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा है। जिस तरह से चीनी सोशल मीडिया में जारी इन हरकतों पर चीन की सरकार चुप है, उससे अंदाजा लगता है कि कहीं यह उसी का खेल तो नहीं है? कई स्थानीय लोगों ने इन चीनी व्लॉगर्स की संख्या को डेढ़ सौ से भी कहीं ज्यादा, बल्कि हजारों में बताया है। जरूर यह किसी साजिश के तहत चलाया जा रहा संगठित अभियान है।
भारत और चीन के बीच आर्थिक, सामरिक और कूटनीतिक प्रतिस्पर्धा किसी से छिपी नहीं है। दोनो देश वैश्विक, विनिर्माण, निवेश, तकनीक और विकासशील देशों के बीच अपने प्रभाव बढ़ाने की होड़ में है। भारत की धीरे-धीरे मगर ठोस रफ्तार से बेहतर होती आर्थिक हैसियत और वैश्विक मंचों पर महत्वपूर्ण होती आवाज को नकारात्मक बनाने के लिए तो यह सब नहीं किया जा रहा? इतिहास में पहले भी प्रतिद्वंदी देश ऐसी हरकतें करते रहे हैं। यहां एक और पहलू महत्वपूर्ण है- चीन के भीतर इंटरनेट और सोशल मीडिया का संसार काफी हद तक घरेलू डिजिटल प्लेटफॉर्मों पर निर्भर है।
ऐसे में वहां के दर्शको के सामने भारत की यह नकारात्मक तस्वीर जब बार-बार दिखाई जाएगी, तब उनकी धारणा भारत को लेकर एक बेहद गरीब और बदहाल देश के रूप में बनेगी, जैसा कि चीन अपनी आबादी के दिलोदिमाग में भारत की छवि बनाना चाहता है। जब किसी देश को लगातार गंदगी, गरीबी, अव्यवस्था और पिछड़ेपन से जोड़कर दिखाया जाएगा, तो उसके प्रति देखने वालों का एक बेहद नकारात्मक मानसिक ढांचा तैयार होगा और चीन यही करना चाहता है, ताकि भारत की आर्थिक प्रगति, तकनीकी उपलब्धियां और वैश्विक भूमिका के लिए कोई जगह ही न बने।
वास्तव में दुष्प्रचार की असली ताकत यही है। जिस देश में उसके नागरिकों की हर गतिविधि बेहद नियंत्रित हो, क्या अचानक कुछ दर्जन या कुछ सौ ब्लॉगर रातोंरात किसी देश के दुष्प्रचार में इसलिए लग जाएंगे कि उन्हें अपने देश के दर्शकों को पड़ोसी देश की वास्तविकता दिखलानी है?
लेख- डॉ. अनिता राठौर के द्वारा