नवभारत संपादकीय: दो-तिहाई बहुमत की तैयारी, क्या करीब आएंगे बीजेपी और शरद पवार?

Sharad Pawar Political Strategy: परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों को पारित कराने के लिए BJP क्षेत्रीय दलों का समर्थन जुटाने में लगी है। शरद पवार और राकां के दोनों गुटों को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हैं।
Sharad Pawar Political Strategy
शरद पवारफोटो सोर्स- नवभारत डिजाइन
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों को पारित कराने के लिए बीजेपी क्षेत्रीय दलों का समर्थन जुटा रही है।

  • अमित शाह ने अजित पवार गुट के नेताओं से मुलाकात की, वहीं पीएम मोदी ने शरद पवार को फोन किया।

  • बीजेपी चाहती है कि राकां के दोनों गुटों का विलय हो, ताकि उसे राजनीतिक समर्थन मिल सके।

  • इन विधेयकों को पारित कराने के लिए संसद में दो-तिहाई बहुमत जुटाना बीजेपी की प्राथमिकता है।

Delimitation and Women Reservation Bills: परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों को संसद में दो-तिहाई बहुमत से पास कराने के उद्देश्य से बीजेपी नेतृत्व क्षेत्रीय दलों से नजदीकी बनाने के प्रयासों में लगा हुआ है। इन दलों में शरद पवार के नेतृत्व वाली राकां भी शामिल है। बीजेपी हाईकमांड का विचार है कि पवार व्यापक राजनीतिक नेटवर्क वाले अनुभवी नेता हैं, जिनके समर्थन से इन विधेयकों को पारित कराया जा सकेगा। इस संबंध में बीजेपी की पहल के 2 संकेत सामने आए हैं।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली में राकां के अजीत पवार गुट के उन नेताओं से भेंट की जो मानते हैं कि पार्थ पवार द्वारा उनकी उपेक्षा की जा रही है। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने शरद पवार को फोन किया, जब पवार पुणे के अस्पताल में भर्ती थे। ऐसी स्थिति में जब कांग्रेस देश के विपक्षी दलों के बीच अपना आधार मजबूती से बढ़ा रही है, तब बीजेपी भी चाहती है कि राकां के दोनों गुटों का विलय हो जाए, जिससे उसके समर्थन का पूरा लाभ मिले। इस मामले में अंतिम फैसला शरद पवार के हाथों में है। राजनीति में कुछ भी स्थिर नहीं है।

परिसीमन और महिला आरक्षण बिल पर बीजेपी की नजरें

केंद्र के एजेंडा में परिसीमन व महिला आरक्षण बिल प्राथमिकता रखते हैं, इसके लिए उसे अधिकतम पार्टियों व सांसदों का समर्थन चाहिए। बीजेपी ने राकां को संदेश दिया है कि उसके हितों के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बीजेपी के वरिष्ठ नेता मानते हैं कि अपने 8 लोकसभा सदस्यों के साथ राकां एक उल्लेखनीय ताकत है। बीजेपी की रणनीति है कि महाराष्ट्र में कांग्रेस के खिलाफ क्षेत्रीय दलों को मजबूत बनाया जाए।

बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व ने अपनी राज्य सरकारों से कहा है कि वह वैचारिक मतभेदों को परे रखते हुए हर दल से संपर्क करें। ऐसा इसलिए जरूरी है ताकि परिसीमन और महिला आरक्षण जैसे संविधान संशोधन बिल संसद में दो-तिहाई बहुमत से पारित कराए जा सकें। इसके लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया जा सकता है। बीजेपी का अधिकृत रवैया ऐसा है कि वह इन विधेयकों को पारित करने के लिए सभी पार्टियों का सहयोग चाहती है।

Sharad Pawar Political Strategy
PM मोदी 18 जनवरी को वाराणसी से करेंगे BJP कार्यकर्ताओं से संवाद

शरद पवार के फैसले पर टिकी राकां के विलय की संभावना

वह चाहती है कि राकां के दोनों गुटों का विलय हो जाए तथा यह शरद पवार की मर्जी से ही हो सकता है। प्रधानमंत्री मोदी का फोन पर शरद पवार को यह कहना महत्व रखता है कि आप अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें और पार्टी की फिक्र सुप्रिया सुले पर छोड़ दें। पिछले समय से यह भी माना जा रहा है कि यदि ऐसा विलय होता है, तो मोदी सुप्रिया सुले को केंद्र में मंत्री बना देंगे। मोदी और पवार के संबंध पुराने रहे हैं।

कुछ वर्ष पूर्व बारामती में आयोजित एक समारोह में तो मोदी ने यह तक कहा था कि शरद पवार उनके राजनीतिक गुरु रहे हैं। राजनीति में शरद पवार कब पाला बदलेंगे, कहा नहीं जा सकता। जब वह 38 वर्ष के थे तभी वसंत दादा पाटिल की सरकार से बगावत कर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बन गए थे। उन्होंने विदेशी मूल के मुद्दे पर कांग्रेस छोड़ी, लेकिन बाद में मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार में 10 वर्ष मंत्री रहे। उस समय उन्हें कांग्रेस और सोनिया का नेतृत्व स्वीकार था।

लेख- चंद्रमोहन द्विवेदी के द्वारा