24 January History: 'जन गण मन' को देश के राष्ट्रगान के रूप में अपनाया गया

Indian Culture: 24 जनवरी का दिन भारत के लिए गौरव, संगीत और वैश्विक त्रासदी की याद दिलाता है-राष्ट्रगान को मान्यता, भीमसेन जोशी का निधन और रूस-यूक्रेन युद्ध का विमान हादसा।
January 24 History: 'Jana Gana Mana' was adopted as the national anthem of the country
प्रतीकात्मक तस्वीर ( सोर्स : सोशल मीडिया )
Updated on

नई दिल्ली: नोबेल पुरस्कार विजेता रवींद्रनाथ टैगोर द्वारा लिखे गये 'जन गण मन' को भारत के राष्ट्रगान के रूप में 24 जनवरी 1950 को अपनाया गया था। इसे 1911 में मूल रूप से बांग्ला भाषा में लिखा गया था और इसने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान भारतीयों में देशभक्ति का जोश भरा। इसके हिंदी संस्करण को संविधान सभा ने भारत के राष्ट्रगान के रूप में अपनाया था।

इसके अलावा, 24 जनवरी 'सागर सी गहरी और झील सी ठहरी' आवाज के शांत होने का साक्षी बना। दरअसल, 24 जनवरी 2011 को भारतीय शास्त्रीय संगीत के सशक्त एवं सुरीले हस्ताक्षर भारत रत्न पंडित भीमसेन जोशी ने अंतिम सांस ली।

दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले गीत 'मिले सुर मेरा तुम्हारा' को अपनी आवाज देकर हर देशवासी को एक सूत्र में पिरोने का सुरीला संदेश देने वाले पंडित जोशी की गायकी ने किराना घराने की गायन शैली को एक नया मुकाम बख्शा।

24 जनवरी 2024 को रूस का एक सैन्य परिवहन विमान यूक्रेन की सीमा के नजदीक बेलगोरोड इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 65 यूक्रेनियाई युद्धबंदी सवार थे और सभी की मौत हो गई।

देश-दुनिया के इतिहास में आज की तारीख में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:- 

1556 : चीन के शानसी प्रांत में भूकंप से आठ लाख से अधिक लोगों की मौत।

1826 : पहले भारतीय बैरिस्टर ज्ञानेन्द्र मोहन टैगोर का जन्म।

1857 : कलकत्ता विश्वविद्यालय की स्थापना।

1937 : बुल्गारिया और यूगोस्लाविया ने मैत्री संधि पर हस्ताक्षर कर लंबे समय से चली आ रही दुश्मनी को खत्म किया।

1950 : 'जन गण मन...' को भारत के राष्ट्रगान के रूप में स्वीकार किया गया। राजेन्द्र प्रसाद भारतीय गणराज्य के प्रथम राष्ट्रपति निर्वाचित हुए।

1951 : प्रेम माथुर कमर्शियल लाइसेंस हासिल करने वाली पहली महिला पायलट बनीं।

1952 : बंबई (अब मुंबई) में पहले अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आयोजन।

1965 : भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने मैसूर (अब कर्नाटक) के जोग में बनी शरावती पनबिजली परियोजना को राष्ट्र को समर्पित किया। इसे उस समय अमेरिका की सहायता से बनी भारत की सबसे बड़ी बिजली परियोजना बताया गया था।

1965 : सर विंस्टन चर्चिल का 90 साल की आयु में लंदन स्थित अपने घर में निधन हो गया।

1966 : एयर इंडिया के विमान बोइंग 707 के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार 117 लोगों की मौत।

2004 : मंगल की सतह के अन्वेषण के लिए 2003 के मध्य में भेजा गया रोबोटिक रोवर 'अपोर्च्यूनिटी' मंगल ग्रह पर उतरा।

2006 : गूगल ने चीन के लिए वहां के सेंसरशिप कानूनों के अनुसार नया सर्च इंजन गूगल, सीएन बनाने का ऐलान किया, जिसमें ई-मेल और ब्लॉग की सुविधा नहीं होगी।

2011 : हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत के महान गायक और संगीतकार पंडित भीमसेन जोशी का निधन।

2020 : अंतरराष्ट्रीय अदालत (आईसीजे) ने अपने एक महत्वपूर्ण आदेश में म्यांमा से रोहिंग्या आबादी को सुरक्षा देने को कहा। इसी दिन ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने ब्रिटिश सरकार के ब्रेक्जिट कानून को मंजूरी दी।

2022 : दक्षिण सूडान में सांप्रदायिक हिंसा में 31 लोग मारे गये।

2024 : रूस का एक सैन्य परिवहन विमान यूक्रेन की सीमा के नजदीक बेलगोरोड इलाके में दुर्घटनाग्रस्त, विमान में सवार 65 यूक्रेनियाई युद्धबंदियों की मौत। इसी दिन चीन के जियांग्शी प्रांत में एक इमारत में आग लगने से 39 लोगों की मौत हो गई।

2025: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आवश्यक 30 दिन का अग्रिम नोटिस दिए बिना करीब एक दर्जन स्वतंत्र महानिरीक्षकों को बर्खास्त किया।

भाषा एजेंसी के द्वारा

Navbharat Live
navbharatlive.com