

Lord Shiva Favorite Bhog In Sawan: शिव आराधना का पावन महीना सावन कल 30 जुलाई से शुरू हो रहा है। वैसे तो देवों के देव महादेव अपने भक्तों की सच्ची श्रद्धा से ही प्रसन्न हो जाते हैं। उन्हें एक लोटा जल और बेलपत्र अर्पित करने मात्र से भी उनका आशीर्वाद प्राप्त होता है।
लेकिन सावन माह में भोलेनाथ को उनकी प्रिय चीजों का भोग लगाने से जातक पर महादेव की विशेष कृपा बरसती है। तो सावन की पूजा में जल, बेलपत्र, भांग, धतूरा के साथ ही उनकी प्रिय चीजों का भोग भी जरूर चढ़ाए।
भगवान शिव को भांग और धतूरा बहुत प्रिय है। इन दोनों को शिव प्रसाद में शामिल करना बहुत शुभ माना जाता है। सावन के दौरान भांग को मिश्री या दूध के साथ मिलाकर भोग लगाया जाता है। इसे अर्पित करने से मानसिक शांति मिलती है। साथ ही शिव कृपा मिलती है।
सावन में पूजा के बाद भोले भंडारी को घीर में तले हुए मालपुए का भोग अवश्य लगाएं। ऐसा करना शुभ माना जाता है। माना जाता है कि शिवजी को मालपुआ का भोग लगाने से जीवन की समस्त परेशानियां दूर हो जाती हैं।
बेल का फल और बिल्व पत्र दोनों ही भगवान शिव को बहुत ही प्रिय हैं। शिव जी को बेल का फल भोग लगाने से वे खुश होते हैं और भक्तों को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है। इसके साथ ही घर में धन-धान्य में वृद्धि होती है।
भोलेनाथ को हलवा का भोग भी लगा सकते है। सावन माह में यानी सावन सोमवार के दिन शिवजी को सूजी, कुट्टू का हलवा का भोग लगाएं। इसमें मेवा भी जरूर डालें। हलवा का भोग लगाने से घर में बरकत और सुख-समृद्धि आती है।
भगवान शिव को सफेद रंग की मिठाई चढ़ाना भी शुभ माना जाता है। तो सावन माह में पूजा के बाद पशुपति नाथ को सफेद खोया, मावा की बर्फी वाली मिठाई का भोग भी जरूर लगाएं।
पंचामृत भी भगवान शिव पूजा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। सावन में शिवलिंग का पंचामृत से अभिषेक करने के बाद इसे भोग के रूप में भी चढ़ाया जाता है। कहते हैं कि पंचामृत का भोग लगाने से व्यक्ति को आरोग्य और सौभाग्य की प्राप्ति होती है।