

Magh Amavasya: धार्मिक और आध्यात्मिक दोनों दृष्टि से मौनी अमावस्या सनातन धर्म में खास महत्व रखता है। ज्योतिषयों के अनुसार, इस साल माघ महीने की मौनी अमावस्या 18 जनवरी रविवार को पड़ रही है, जिससे इसका महत्व और बढ़ गया है।
जैसा कि रविवार सूर्य देव का दिन होता है, इसलिए इस दिन की धार्मिक और आध्यात्मिक शक्ति बढ़ जाती है। मौनी अमावस्या पर शिव वास योग, सर्वार्थ सिद्धि योग और हर्षण योग एक साथ बन रहे हैं, जिससे यह पर्व और भी शुभ हो गया है।
शास्त्रों के अनुसार, माघ मास की अमावस्या पर पूजा के बाद दान पुण्य करने से पितृ दोष से मुक्ति मिलती है साथ ही कुंडली में मौजूद अशुभ ग्रहों का प्रभाव भी कम होने लगता है।
ऐसे में जानिए मौनी अमावस्या 2026 के अवसर पर किन चीजों का दान करने से विशेष लाभ मिलता है।
शास्त्रों में अन्नदान को सर्वोच्च दान कहा गया है। ऐसा माना जाता है कि हर प्राणी में ईश्वर का अंश होता है, इसलिए भूखे को भोजन कराना सीधे परमात्मा तक पहुंचता है। इसलिए मौनी अमावस्या के दिन अन्न का दान करें। इससे पितृ दोष से मुक्ति मिलती हैं और परिवार में सुख-समृद्धि का वास होता है।
जिस प्रकार अन्नदान को सर्वोच्च दान कहा गया है ठीक उसी प्रकार जल को जीवन का आधार माना गया है। मौनी अमावस्या के दिन पर जल का दान करने से मन, शरीर और जीवन में शांति आती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जलदान करने वाला व्यक्ति ईश्वर की विशेष अनुकंपा का पात्र बनता है।
कहा जाता है कि, इस दिन काले तिल पितरों को अर्पित करने से पितृ दोष में कमी आती है।
जरूरतमंद लोगों को मौनी अमावस्या के दिन आप वस्त्रों का दान भी कर सकते है। खासकर जिन स्थानों पर सर्दी पड़ती है वहां चादर, कंबल और गर्म कपड़े दान करना बेहद शुभ माना जाता है। वस्त्रों का दान करने पितृ भी प्रसन्न होते हैं।
मौनी अमावस्या के दिन तांबे का दान करना भी शुभ माना गया है। इससे कुंडली में ग्रहों की स्थिति भी सुधरती है और आपको करियर के क्षेत्र में भी शुभ परिणाम प्राप्त होते हैं। इसके साथ पारिवारिक जीवन भी सुखद रहता है।
ज्ञान की देवी सरस्वती को प्रसन्न करने के लिए माघ अमावस्या के दिन आपको पुस्तकों का दान करना चाहिए। पुस्तकों का दान करने से आपको भी जीवन में ज्ञान की प्राप्ति होती है।
अमावस्या के दिन घी का दान करने से आपके रिश्तों में मधुरता आती है। अगर संभव हो तो आप भी माघी अमावस्या पर घी का दान कर सकते हैं।
धन हर व्यक्ति की जरूरत होती है। ऐसे में अगर आप दान देकर किसी की आर्थिक मदद करते हैं तो आपको मानसिक शांति तो मिलती ही है साथ ही देवी लक्ष्मी भी आप पर कृपा बरसाती हैं।
गरीबों या ब्राह्मणों को भोजन कराना अत्यंत शुभ माना गया है।दान करते समय मौन व्रत रखना, पितरों का स्मरण करना और मन में श्रद्धा बनाए रखना सबसे अधिक फलदायी माना जाता है।