(फोटो सोर्स एएनआई)
दस दिवसीय गणेशोत्सव (Ganesh Chaturthi 2024) का आगाज देशभर में हो चुका है। भगवान गणेश हिंदू धर्म में विघ्नहर्ता और प्रथम पूज्य देवता के रूप में जाने जाते हैं जो अशुभता को दूर कर शुभ फल प्रदान करते हैं। हिन्दू धार्मिक शास्त्रों के अनुसार सभी देवताओं की तरह भगवान गणेश को भी कुछ खास रंग ही प्रिय हैं जिनका प्रयोग विशेष रूप से उनकी पूजा में करना शुभ माना जाता है।
ऐसे तीन रंग बताए गए हैं जिनसे जुड़ी वस्तुओं का पूजा में प्रयोग करने से गणेश जी प्रसन्न होते हैं। हिन्दू धार्मिक शास्त्रों के अनुसार भगवान गणेश को लाल, हरा और पीला रंग सबसे ज्यादा प्रिय है। इन तीनों रंगों का अपना अलग महत्व है। इन रंगों का प्रयोग पूजा में करके आप बप्पा को खुश कर सकते हैं। आइए जान लेते हैं इन तीन रंगों का महत्व और कारण, जिसकी वजह से भगवान गणेश को प्रिय हैं ये रंग।
ज्योतिष-शास्त्र के अनुसार, लाल रंग शुभ और मंगलकारी रंगों में से एक है। यह रंग सौभाग्य, उत्साह, साहस और उमंग को दर्शाता है। इसलिए गणपति को यह रंग बहुत प्रिय है। आप पूजा में लाल रंग के गुड़हल के फूल गणेश जी को अर्पित कर सकते हैं। साथ ही लाल रंग की पोशाक भी गणेश जी को पहना सकते हैं। इसके अलावा, आप पूजा के दौरान खुद भी लाल रंग के कपड़े धारण कर सकते हैं।
सनातन धर्म में किसी भी मांगलिक कार्य या पूजा-पाठ में पीले रंग का इस्तेमाल जरूर किया जाता है। इस रंग को बहुत शुभ माना जाता है। यह रंग बृहस्पति और सूर्य जैसे ग्रहों का प्रतिनिधित्व करता है। पीला रंग जातक के जीवन में गुरु ग्रह की शुभता और भाग्य को जगाने का काम करता है। ज्योतिष-शास्त्रों के अनुसार यही कारण है कि भगवान विष्णु और गणेश जी के साथ-साथ ज्यादातर देवी-देवता पीतांबर धारण करते हैं। पीले रंग के इस महत्व को देखते हुए गणेश जी की पूजा में भी पीले रंग का उपयोग जरूर करें। उन्हें पीला चंदन, पीले वस्त्र और पीले फूल अर्पित करें।
जैसा कि आप जानते हैं कि हरा रंग प्रकृति का रंग है, जो हमें हरियाली, शीतलता, ताजगी, आत्मविश्वास, प्रसन्नता और सकारात्मकता देता है। अपने इस महत्व के चलते ये रंग न केवल भगवान विनायक को, बल्कि महादेव और मां पार्वती को भी प्रिय है। हरा रंग विशेष रूप से गणेशजी को प्रिय है। गणपति पूजन में हरे रंग की दूर्वा चढ़ाने का विशेष महत्व है। यही कारण है कि गणेश जी की पूजा में हरे रंग का उपयोग करना शुभ माना जाता है। आप इस गणेश उत्सव में पूजा और सजावट आदि में हरे रंग का उपयोग कर सकते है।
लेखिका- सीमा कुमारी