

Highlights:
हर किसी पर आंख मूंदकर भरोसा न करें।
अपनी निजी बातें और भविष्य की योजनाएं गुप्त रखें।
मीठी बातों के बजाय लोगों के व्यवहार को परखें।
अपनी भावनाओं, समय और आत्मसम्मान की कीमत समझें।
Chanakya Niti in Hindi: आचार्य चाणक्य को महान कूटनीतिज्ञ, अर्थशास्त्री और विचारक माना जाता है। उनकी नीतियां आज भी जीवन में सही निर्णय लेने और लोगों को समझने की सीख देती हैं। जिंदगी में कई बार ऐसे लोग मिल जाते हैं जो सामने से मीठी बातें करते हैं, लेकिन अपने स्वार्थ के लिए दूसरों का इस्तेमाल करने से पीछे नहीं हटते। ऐसे लोगों की पहचान करना आसान नहीं होता और कई बार उनकी वजह से इंसान को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक तनाव भी झेलना पड़ता है।
चाणक्य नीति की सीख के अनुसार, किसी पर भी आंख मूंदकर भरोसा नहीं करना चाहिए। लोगों की बातों से ज्यादा उनके व्यवहार और नियत पर ध्यान देना जरूरी है। अपनी निजी बातें हर किसी से साझा करने के बजाय समझदारी से काम लेना चाहिए। आइए जानते हैं मतलबी लोगों से बचने और जीवन में धोखा खाने से बचने के लिए चाणक्य की 7 अहम सीख।
चाणक्य नीति के अनुसार, किसी व्यक्ति पर भरोसा करने से पहले उसके व्यवहार और स्वभाव को अच्छी तरह परखना चाहिए। केवल मीठी बातें करने वाले व्यक्ति को अपना हितैषी समझना सही नहीं है। मुश्किल समय में ही किसी व्यक्ति के वास्तविक स्वभाव और उसकी नीयत का पता चलता है। इसलिए विश्वास धीरे-धीरे करें और सोच-समझकर रिश्ते बनाएं।
अपनी हर योजना, कमजोरी और निजी बात हर किसी को बताना समझदारी नहीं है। कई बार लोग आपकी बातों को समझकर उनका इस्तेमाल अपने फायदे के लिए कर सकते हैं। चाणक्य की सीख है कि महत्वपूर्ण फैसलों और भविष्य की योजनाओं को सही समय आने तक अपने तक रखना चाहिए।
किसी इंसान की असलियत सिर्फ उसकी बातों से नहीं समझी जा सकती। कुछ लोग सामने तारीफ करते हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर साथ छोड़ देते हैं। इसलिए लोगों के हावभाव, आदतों और बदलते व्यवहार को ध्यान से देखना चाहिए। जो व्यक्ति बार-बार अपने व्यवहार से आपको नुकसान पहुंचाता है, उससे दूरी बनाना बेहतर है।
गुस्सा, डर, लालच और मोह जैसी भावनाएं कई बार व्यक्ति की कमजोरी बन जाती हैं। यदि कोई व्यक्ति आपको छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा दिलाकर अपने हिसाब से चलाने लगे, तो आपको सतर्क हो जाना चाहिए। समझदारी इसी में है कि हर परिस्थिति में धैर्य बनाए रखें और बिना सोचे-समझे प्रतिक्रिया न दें।
दूसरों की मदद करना अच्छी बात है, लेकिन हर समय सबकी बात मानना जरूरी नहीं। कुछ लोग आपकी अच्छाई और सरल स्वभाव का फायदा उठाने लगते हैं। ऐसे में अपनी सीमाएं तय करना जरूरी है। किसी की मदद करते समय अपने आत्मसम्मान और जरूरतों को नजरअंदाज न करें।
जीवन में हर बात का जवाब देना जरूरी नहीं होता। कुछ लोग केवल आपको परेशान करने या उकसाने के लिए विवाद करते हैं। ऐसे लोगों के साथ बेवजह बहस करने से आपका समय और मानसिक शांति दोनों प्रभावित हो सकते हैं। कई बार चुप रहना और उचित दूरी बना लेना ही सबसे बेहतर फैसला होता है।
चाणक्य नीति की सीख के अनुसार, व्यक्ति को अपने समय और ऊर्जा का सही इस्तेमाल करना चाहिए। ऐसे रिश्तों में अपनी पूरी ताकत खर्च न करें, जहां आपकी भावनाओं और सम्मान की कद्र न हो। अपने लक्ष्य पर ध्यान दें और उन लोगों से दूरी बनाएं जो केवल जरूरत पड़ने पर आपको याद करते हैं।
चाणक्य नीति से जुड़ी सीखों के अनुसार, कुछ लोगों की मदद करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। इनमें बार-बार अपमान करने वाले, स्वार्थी स्वभाव के, हर समय अपनी परेशानियों का रोना रोने वाले, अपनी गलतियों से न सीखने वाले और अहंकारी लोग शामिल हैं। ऐसे लोगों की मदद करने से पहले उनकी परिस्थिति और व्यवहार को समझना जरूरी है।